लखनऊ के कई इलाकों में बड़ी बिजली कटौती : मरम्मत कार्यों के कारण सात घंटे ठप रहेगी सप्लाई
बाला कदर रोड, नगर निगम प्रकाश मार्ग कार्यालय, क्वींस कॉलेज, प्रेस क्लब, अलीगंज सेक्टर-सी, नेहरू बाल वाटिका, जानकीपुरम, विकास खंड गोमतीनगर सहित कई इलाकों में बंद रहेगी आपूर्ति
लखनऊ, 17 नवंबर 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ के कई इलाकों में आज शाम तक बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। कई लाख आबादी वाले क्षेत्रों में सात घंटे बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी। मरम्मत कार्यों के चलते सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सप्लाई बंद रहेगी।
कई घंटे तक बिजली कटौती से घरों, दफ्तरों और बाजारों में असुविधा का सामना करना पड़ेगा। सबसे अधिक असर हनुमान सेतु उपकेंद्र से जुड़े बाला कदर रोड, नगर निगम प्रकाश मार्ग कार्यालय, क्वींस कॉलेज, प्रेस क्लब और आसपास के इलाकों में दिखाई देगा।
इसके साथ ग्वारी कलवर्ट उपकेंद्र के अंतर्गत गोमतीनगर के विकास खंड एक से पांच तथा ग्वारी गांव में भी उपभोक्ताओं को बिजली से वंचित रहना पड़ेगा। इसके अलावा, पुरनिया उपकेंद्र के अंतर्गत अलीगंज सेक्टर-सी, नेहरू बाल वाटिका और इंद्रलोक उपकेंद्र के नहर किनारे स्थित एफ व जी ब्लॉक में सप्लाई बाधित रहेगी।
जानकीपुरम सेक्टर-6 उपकेंद्र से जुड़े सौर विहार, सरस्वती मंदिर (नियर दिल्ली स्कूल), मुलायम चौराहा, सेक्टर-7 छोटी कॉलोनी, मात्र दृष्टि सेवा सेक्टर-7, बसंत वाटिका पार्क और सेक्टर-5 पानी टंकी इलाके में भी बिजली बंद रहेगी।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें और बिजली आपूर्ति बहाल होने तक सतर्क रहें।






