
लखनऊ, 14 सितंबर 2026:
यूपी की ब्यूरोक्रेसी में तबादलों का सिलसिला एक बार फिर तेज हो गया है। योगी सरकार ने रविवार देर रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों, यानी कुल 48 अफसरों की तैनाती बदल दी। इस फेरबदल में तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) समेत कई मंडलों के अपर आयुक्त, एडीएम, एसडीएम और नगर निगमों के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO को हटाए जाने की है।

जिलों के साथ कई अहम विभागों में नई तैनाती
सहारनपुर के CDO सुमित राजेश महाजन को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन बनाया गया है। उनकी जगह राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को CDO सहारनपुर की जिम्मेदारी मिली है। लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग भेजा गया है।
अयोध्या के अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानन्द पाण्डेय अब लखीमपुर खीरी के नए CDO होंगे। अम्बेडकरनगर के CDO आनन्द कुमार शुक्ला को विशेष सचिव रेशम विभाग एवं निदेशक रेशम बनाया गया है। कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वैभव मिश्रा को अम्बेडकरनगर का नया CDO बनाया गया है।

राजस्व परिषद प्रयागराज में हुआ बड़ा बदलाव
राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिव बनाया गया है। उनकी जगह डॉ. विश्राम, अपर आयुक्त विन्ध्याचल मंडल और देवेन्द्र कुमार सिंह कुशवाहा, विशेष सचिव रेशम विभाग को सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है।
आईटी विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह को विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग, संयुक्त निदेशक युवा कल्याण अशोक कुमार कनौजिया को विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा और अपर आयुक्त अलीगढ़ मंडल अरुण कुमार को विशेष सचिव ग्राम्य विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है। अपर नगर आयुक्त सहारनपुर प्रदीप कुमार यादव को अपर आयुक्त अलीगढ़ मंडल बनाया गया है। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा को सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद से अवमुक्त किया गया है।
काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO विश्वभूषण मिश्रा भेजे गए आयोग
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा को उपसचिव, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग बनाया गया है। इस बदलाव को भी मौजूदा तबादला सूची का अहम फैसला माना जा रहा है।
PCS अफसरों की लंबी सूची, जिलों में भी बदली कमान
34 PCS अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव हुआ है। अपर नगर आयुक्त गाजियाबाद जंग बहादुर यादव को संयुक्त आयुक्त (प्रशासन), आयुक्त ग्राम्य विकास कार्यालय भेजा गया है। प्रधान प्रबंधक, सहकारी चीनी मिल संघ सुश्री बरखा सिंह को अपर नगर आयुक्त, वाराणसी नगर निगम बनाया गया है।

प्रयागराज और गौतमबुद्धनगर में भी अदला-बदली हुई है। प्रयागराज के एडीएम (नजूल) एवं उपसंचालक चकबंदी संजय कुमार पाण्डेय को एडीएम (प्रशासन), गौतमबुद्धनगर बनाया गया है, जबकि गौतमबुद्धनगर के एडीएम (प्रशासन) मंगलेश दुबे को उपसंचालक चकबंदी, प्रयागराज भेजा गया है।
अमित कुमार-2 और विनीत उपाध्याय को प्रधान प्रबंधक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ बनाया गया है। राम शंकर को उपायुक्त (प्रशासन), आयुक्त खाद्य एवं रसद और दिग्विजय प्रताप सिंह को उपनिदेशक, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। संगम लाल को एडीएम (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति), मिर्जापुर बनाया गया है।
इसके अलावा योगेंद्र सिंह को उपनिदेशक (प्रशासन), रेशम निदेशालय, पंकज प्रकाश राठौड़ को एडीएम (वित्त/राजस्व), देवरिया और दीपक कुमार पाल को नगर मजिस्ट्रेट, मुजफ्फरनगर बनाया गया है।

रेणु को अपर नगर आयुक्त, गाजियाबाद, अजय आनंद वर्मा को एसडीएम आजमगढ़ और दिव्या सिकरवार को एसडीएम औरैया भेजा गया है। रेणु मिश्रा को एसडीएम फर्रुखाबाद, प्रदीप कुमार सिंह को एसडीएम गौतमबुद्धनगर और प्रद्युम्न कुमार को एसडीएम बस्ती बनाया गया है।
वंदना त्रिवेदी को उपनिदेशक, डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन अकादमी की जिम्मेदारी मिली है। अरुण कुमार को एडीएम (वित्त/राजस्व) बहराइच और मानवेंद्र सिंह को एडीएम (प्रशासन) बदायूं बनाया गया है। राजीव कुमार राय को एडीएम (वित्त/राजस्व) बागपत और अजय नारायण सिंह को एडीएम (प्रशासन) एटा बनाया गया है।
प्रशांत कुमार को एडीएम (नागरिक आपूर्ति) आगरा और प्रियंका सिंह को अपर नगर आयुक्त, मथुरा भेजा गया है। कानपुर विकास प्राधिकरण के सचिव अभय कुमार पाण्डेय अब एडीएम (वित्त/राजस्व) कासगंज होंगे।
इसी क्रम में सुखलाल प्रसाद वर्मा को एडीएम (नजूल) प्रयागराज, शत्रुहन पाठक को एडीएम (न्यायिक) जालौन, देवेंद्र प्रताप सिंह-2 को सचिव, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण और विजेता को मुख्य राजस्व अधिकारी, मिर्जापुर बनाया गया है।
शुभी गुप्ता को सहायक निदेशक, लोहिया अकादमी, अशोक कुमार को एसडीएम हापुड़ और शुभेन्दु शेखर सिंह को विशेष कार्याधिकारी, यूपीडा बनाया गया है।






