UP PET 2026 : कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल कल बंद, लखनऊ में भी आदेश जारी, जानिए शेड्यूल
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के दूसरे चरण के चलते लिया गया फैसला, लखनऊ के 45 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, अभ्यर्थी एडमिट कार्ड और मूल फोटो पहचान पत्र साथ लेकर पहुंचें

लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026:
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET 2026) के दूसरे चरण के आयोजन को देखते हुए लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में कल (30 अक्टूबर) को कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। डीएम के अनुमोदन के बाद लखनऊ में भी जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत सभी बोर्डों के सरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन का शैक्षणिक अवकाश रहेगा।
आदेश के अनुसार कक्षा एक से 12 तक के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्ववित्तपोषित विद्यालयों में 30 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है। अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ के 45 केंद्रों पर होगी परीक्षा
UPSSSC PET 2026 के दूसरे चरण की परीक्षा शुक्रवार को लखनऊ के 45 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
हर पाली में करीब 20 से 25 हजार अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों के भी पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर के विभिन्न इलाकों में भीड़ बढ़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है जिससे परीक्षा के दौरान आवागमन और व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव कम किया जा सके।
अभ्यर्थी इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचना होगा। इसके लिए परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग समय की जानकारी पहले ही जांच लें। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य मान्य मूल फोटो पहचान पत्र जरूर लेकर जाएं।
जरूरी दस्तावेजों के बिना परीक्षा केंद्र पहुंचने पर परेशानी हो सकती है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि अंतिम समय की जल्दबाजी से बचने के लिए घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें और परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।






