उत्तराखंड न्यूज : 21 दिन में 45 हजार कॉल, फर्म की आड़ में चल रहा डिजिटल एक्सचेंज पकड़ा
काशीपुर में हुई धरपकड़, SIP कनेक्शन से अंतरराष्ट्रीय कॉल गेटवे को बाईपास करने का शक, कंप्यूटर से वर्चुअल मशीन के साक्ष्य मिले, STF ने नेटवर्किंग उपकरण किए जब्त

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 29 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड के उधमसिंहनगर स्थित काशीपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक संदिग्ध डिजिटल एक्सचेंज का खुलासा किया है। NS Enterprise के नाम से चल रहे इस सेटअप से 21 दिनों में 45,453 आउटगोइंग कॉल किए जाने का रिकॉर्ड मिला है। शुरुआती जांच में इंटरनेट आधारित एसआईपी कनेक्शन के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल गेटवे को बाईपास करने की आशंका सामने आई है। मामले में मुरादाबाद निवासी नईमुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है।
दूरसंचार विभाग के इनपुट पर हुई कार्रवाई
एसटीएफ के मुताबिक, साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट को काशीपुर में संदिग्ध टेलीकॉम नेटवर्क चलने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ ने दूरसंचार विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर जांच की। गुरुवार को साइबर थाने के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने एसएसपी अजय सिंह के साथ मामले की जानकारी दी।
फर्म के नाम पर लिया था कार्यालय
जांच में सामने आया कि आरोपी ने NS Enterprise के नाम से फर्म बनाकर काशीपुर में किराये पर कार्यालय लिया था। यहां इंटरनेट कनेक्शन, एसआईपी व्यवस्था समेत कई नेटवर्किंग उपकरणों की मदद से टेलीकॉम सेटअप चलाया जा रहा था। दूरसंचार विभाग से मिले तकनीकी इनपुट में अंतरराष्ट्रीय कॉल गेटवे को बाईपास करने के साथ कम अवधि वाली स्वचालित कॉलिंग की आशंका जताई गई। 21 दिनों में 45,453 आउटगोइंग कॉल का रिकॉर्ड मिलने के बाद मामले की जांच तेज की गई।
कंप्यूटर में मिले रिमोट एक्सेस के साक्ष्य
तकनीकी जांच के दौरान कंप्यूटर में लिनक्स आधारित वर्चुअल मशीन, फ्रीपीबीएक्स लॉगिन, रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर व एसएसएच क्लाइंट से जुड़े साक्ष्य मिले। सिस्टम में व्हाट्सएप वेब से जुड़ी डिजिटल सामग्री भी मिली है। संबंधित बातचीत में एसआईपी ट्रंक, एसआईपी केबल व इंटरनेट कनेक्शन का जिक्र मिला। जांच टीम ने कंप्यूटर की रैम डंप, वर्चुअल मशीन के डेटा, सिस्टम लॉग सहित दूसरे डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। इनके विश्लेषण से कॉलिंग व्यवस्था व नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
कंप्यूटर, चार राउटर समेत उपकरण जब्त
एसटीएफ ने कार्रवाई के दौरान एक कंप्यूटर, जियो के तीन राउटर, एयरटेल का एक राउटर, एक सेटू वीटीईपी उपकरण, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन सहित अन्य नेटवर्किंग उपकरण जब्त किए हैं। मामले में नईमुद्दीन के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं, रुद्रपुर में केस दर्ज किया गया है।
एक महीने में तीन केस, चार आरोपी जेल भेजे गए
एसटीएफ के मुताबिक, इस मामले में दूसरे संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बीते एक महीने में सिम बॉक्स व अवैध टेलीकॉम सेटअप से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।






