UP School Half Yearly Exam 2026: 17 नवंबर से होंगी छमाही परीक्षाएं, कक्षा 1 से 8 तक का शेड्यूल जारी
बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी जिलों को दिए सख्त निर्देश, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता से लेकर समय पर मूल्यांकन और रिजल्ट घोषित करने तक की तय की जिम्मेदारी

लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026:
यूपी के परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक (छमाही) परीक्षाओं की तारीख तय हो गई है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत परीक्षाएं 17 नवंबर से 21 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को तैयारियां समय से पूरी करने और परीक्षाओं को पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा आयोजन में निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। प्रश्नपत्र तैयार कराने से लेकर उनके छपाई, वितरण और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन तक की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी करने पर जोर दिया गया है।
जिला स्तर पर तैयार होंगे मॉडल प्रश्नपत्र
परीक्षाओं के लिए मॉडल प्रश्नपत्र जनपद स्तर पर तैयार कराए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण और विद्यालयों तक वितरण सुनिश्चित करना होगा। इसके साथ ही प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं जिससे परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे। किसी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
कक्षा के हिसाब से होगी परीक्षा, जानें क्या है व्यवस्था
परिषद की ओर से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों की परीक्षा उनके स्तर के अनुरूप कराई जाएगी। कक्षा एक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा दो और तीन में लिखित व मौखिक दोनों तरह की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों के लिए भी लिखित तथा मौखिक परीक्षा की व्यवस्था रहेगी।
वहीं, कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों को लिखित परीक्षाओं में शामिल होना होगा। इन कक्षाओं के परीक्षा विषयों में हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत/उर्दू, सामाजिक विषय, कला-संगीत, विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन सहित विभिन्न विषय शामिल हैं।
मूल्यांकन में देरी पर भी रहेगी नजर
परीक्षाएं संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन समयबद्ध तरीके से कराया जाएगा। परिषद ने उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने और परीक्षा परिणाम निर्धारित समय पर घोषित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव सुरेंद्र तिवारी के मुताबिक सभी बीएसए को परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक तैयारियां पूरी करने, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और मूल्यांकन कार्य समय से पूरा कराने को कहा गया है। अब जिलों में परीक्षा संबंधी तैयारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना होगा।






