UP Politics : हिस्सा चाहिए आधा, समर्थन जीरो! मंत्री राजभर का अखिलेश पर वार, राहुल गांधी को लेकर भी घेरा
MLC चुनाव के नतीजों पर सुभासपा प्रमुख ने सपा मुखिया को दी बधाई, कांग्रेस-सपा के गठबंधन पर उठाए सवाल, बोले- सीटें मांगने आए तो ‘जीरो’ याद दिलाइएगा

लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026:
यूपी में सियासी बयानबाजी के बीच योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश के विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों को लेकर अखिलेश को बधाई देते हुए राजभर ने कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी को लेकर भी तंज कसा और कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन को निशाने पर लिया।
मंत्री राजभर ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अखिलेश यादव से पूछा कि क्या उन्होंने अपने मित्र राहुल गांधी को बधाई दी है? उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को प्रत्याशी तक नहीं मिला और जहां उम्मीदवार मैदान में उतरे, वहां नतीजा ‘जीरो’ रहा। राजभर ने कर्नाटक का जिक्र करते हुए भी राहुल गांधी पर निशाना साधा।
सुभासपा प्रमुख ने आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के रिश्तों पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद को सपा का बड़ा भाई मानती है और 403 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटें चाहती है। ऐसे में अखिलेश यादव को कांग्रेस से एमएलसी चुनाव में उसके समर्थन के बारे में सवाल करना चाहिए।
अखिलेश जी,
एमएलसी चुनाव के नतीजों में आपकी पार्टी के प्रदर्शन की आपको बहुत बधाई।
वैसे ये बताइए, अपने मित्र राहुल जी को बधाई दिए या नहीं? यूपी में तो कांग्रेस वालों को प्रत्याशी भी नहीं मिला, जहां मिला वहां रिजल्ट में आया “ज़ीरो”। यहां तक की कांग्रेस शासित कर्नाटक में लोगों ने आपके मित्र को दुत्कार दिया।
याद रखिएगा, कांग्रेस ख़ुद को आपका बड़ा भाई मानता है। 403 में से 200 से ज़्यादा उन्हें चाहिए। जब कांग्रेस वाले आपसे सीटें मांगें तो “ज़ीरो” तो याद दिला ही दीजिएगा, साथ ही पूछियेगा कि एमएलसी चुनाव में कोई कांग्रेस वाला सपा के प्रत्याशी को समर्थन देने के लिए एक दिन भी खड़ा हुआ?
पूछियेगा कांग्रेस से कि ये कैसा भाईचारा कि आप चुनाव लड़ रहे और आपका बड़ा भाई आपके साथ खड़ा होने नहीं आया। यानी हिस्सा चाहिए “आधा” और समर्थन देंगे “ज़ीरो”। बड़ी नाइंसाफी है महाराज।
भाईचारा मुबारक!
जय भारत, जय श्रीराम, जय परशुराम,
जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव।
@yadavakhilesh— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) October 29, 2026
राजभर ने तंज कसते हुए लिखा, ‘हिस्सा चाहिए आधा और समर्थन देंगे जीरो।’ उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे तब कांग्रेस का कोई नेता उनके समर्थन में एक दिन भी खड़ा हुआ या नहीं। अपने पोस्ट के अंत में राजभर ने ‘भाईचारा मुबारक!’ लिखकर सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर व्यंग्य किया।






