Diwali-Chhath Puja : UP में 24 घंटे मिलेगी बिजली, कटौती की तो खैर नहीं! कनेक्शन काटने पर भी रोक
ऊर्जा मंत्री का अधिकारियों को सख्त निर्देश, त्योहारों पर अनावश्यक शटडाउन और बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं; बड़े बिजली चोरों पर होगी कार्रवाई, नवंबर के बिल में 9.70% राहत

लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026:
यूपी में दीपावली और छठ पूजा समेत प्रमुख त्योहारों पर बिजली कटौती करने वाले अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सरकार ने प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं। उन्होंने बिजली चोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। छोटे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान करने से बचा जाए।
झटपट पोर्टल पर लंबित आवेदन तुरंत निपटाएं
ऊर्जा मंत्री ने झटपट पोर्टल पर नए बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरस्त आवेदनों की समीक्षा कर खामियों को दूर करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए जरूरत के मुताबिक ट्रांसफार्मरों की क्षमता तत्काल बढ़ाई जाए।
नवंबर के बिजली बिल में मिलेगी 9.70% राहत
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। इस राहत से घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने लाभ मिलने की बात कही गई।
नई नगर पंचायतों में भी सुधरेगी बिजली व्यवस्था
मंत्री एके शर्मा ने नवसृजित नगर पंचायतों में भी जिला मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को तैयार है। बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






