लखनऊ, 17 अप्रैल 2026:
पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल में शनिवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्टिव नजर आएंगे। पार्टी के प्रमुख प्रचारकों में शामिल योगी का यह दौरा अहम माना जा रहा है, जहां वे एक ही दिन में कूच बिहार, जलपाईगुड़ी और बांकुरा में लगातार कार्यक्रम करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ दोपहर 12 बजे कूच बिहार जिले की माथाभांगा विधानसभा पहुंचेंगे। यहां वे भाजपा प्रत्याशी निशीथ प्रमाणिक के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। सीमावर्ती इलाके में पार्टी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है, ऐसे में इस सभा को खास अहमियत दी जा रही है।
इसके बाद उनका हेलीकॉप्टर जलपाईगुड़ी जिले की धूपगुड़ी विधानसभा की ओर जाएगा। यहां दोपहर करीब 1:20 बजे वे भाजपा उम्मीदवार नरेश चंद्र राय के पक्ष में जनसभा करेंगे। उत्तर बंगाल की इस बेल्ट में पिछले चुनावों में बने आधार को और मजबूत करने पर इस बार जोर है।
दिन के अंतिम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बांकुरा पहुंचेंगे। शाम 4:15 बजे यहां भाजपा प्रत्याशी नीलाद्री शेखर दाना के समर्थन में उनका रोड शो प्रस्तावित है। जंगलमहल क्षेत्र के इस अहम जिले में रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन की तैयारी है। स्थानीय स्तर पर इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
हाल के दिनों में योगी आदित्यनाथ की सभाओं में उमड़ रही भीड़ को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखा जा रहा है। कई जगह सभास्थल समय से पहले भर जा रहे हैं, लोग लंबा इंतजार कर रहे हैं। बढ़ती भीड़ को चुनावी माहौल में एक अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, जिसने कार्यकर्ताओं के मनोबल को भी बढ़ा है।






