Lucknow CityUttar Pradesh

‘Yogi Ki Pati’ : विजयादशमी पर योगी का संदेश, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लें संकल्प

नशे, दहेज और जातीय भेदभाव से मुक्ति की अपील, माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगे आवास, कसारी-मसारी क्षेत्र ‘श्रीकृष्णपुरी’ के रूप में होगा विकसित

लखनऊ, 19 अक्टूबर 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखकर अन्याय के प्रतिकार, नारी सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अहंकार, भेदभाव और नकारात्मकता रूपी रावण के दहन के साथ नशे की लत, पारिवारिक कलह, जातीय भेदभाव और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी से ही स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और समृद्ध उत्तर प्रदेश का सपना साकार हो सकता है।

मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र की महानवमी और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दुर्गा का पराक्रम और प्रभु श्रीराम का धर्मनिष्ठ जीवन अन्याय के प्रतिकार, नारी सम्मान तथा कर्तव्यपालन की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अन्यायी और अधर्मी चाहे कितने ही शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। विजयादशमी इसी शाश्वत सत्य का प्रतीक है।

राम के आदर्शों से शासन को जोड़ने पर फोकस

योगी ने पत्र में प्रभु श्रीराम के जीवन से विनम्रता, ज्ञान के प्रति सम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की सीख दी। उन्होंने रावण से ज्ञान प्राप्त करने के लिए लक्ष्मण को भेजने और स्वर्णमयी लंका के बजाय अयोध्या को प्राथमिकता देने के प्रसंगों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम का जीवन समरसता और सामाजिक एकात्मता का प्रतीक है। रामलीलाओं में सभी वर्गों के लोग बिना भेदभाव उत्साह से भाग लेते हैं। रामकथा के आदर्श भारत ही नहीं, दुनिया के अनेक देशों की सांस्कृतिक परंपराओं में भी समाहित हैं।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि इन आदर्शों की सार्थकता तभी है, जब वे हमारे आचरण और शासन व्यवस्था में दिखाई दें। इसी भावना के अनुरूप प्रदेश सरकार ने कानून का शासन और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में रखी है।

Advertisement

माफिया के खिलाफ कार्रवाई का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। प्रयागराज के कसारी-मसारी में मुक्त कराई गई भूमि पर भी गरीबों के लिए आवास बनेंगे और इस क्षेत्र को ‘श्रीकृष्णपुरी’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। निवेश, उद्योग तथा विकास के अनुकूल वातावरण तैयार करने में मदद मिली है। योगी ने कहा कि सुरक्षित और समरस समाज के निर्माण में सरकार के प्रयासों के साथ जनता की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने व्यसन से पीड़ित लोगों के प्रति तिरस्कार के बजाय संवेदना और सहयोग का भाव रखने तथा उन्हें स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

ये भी पढ़ें  नए साल में नई सख्ती : UP के सरकारी स्कूलों में नहीं चलेगी लेटलतीफी, शिक्षकों की लगेगी ऑनलाइन हाजिरी

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link