बाराबंकी, 5 फरवरी 2026:
जिले में भारतीय किसान यूनियन अवध गुट की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शादीशुदा होते हुए प्रेमी के साथ रह रही महिला की हत्या उसी के विवाहित प्रेमी राज मिश्रा ने प्लान बनाकर की थी। पुलिस ने लखनऊ चिनहट निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं। सुनीता उसे शादी न करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही थी।
माइनर किनारे प्लॉटिंग में मिला था शव
बता दें कि गत 2 फरवरी की सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के गदिया गांव के बाहर माइनर किनारे हो रही प्लॉटिंग में ग्रामीणों ने सुनीता का शव पड़ा देखा था। सिर बुरी तरह कुचला हुआ था और पास ही खून से सनी ईंट मिली थी। शव के पास मंगलसूत्र बिखरा पड़ा था। वो जींस और शर्ट पहने थी और हाथ पर गंगाराम नाम का गोदना बना हुआ था।

कोविड काल में पति चार बच्चों संग चला गया था ऋषिकेश, सुनीता संगठन से जुड़ गई
पहचान होने के बाद पता चला कि रामसनेहीघाट के बाबापुरवा में रहने वाली बुधना की बेटी सुनीता की शादी असंद्रा थाना क्षेत्र के अशरफपुर निवासी गंगाराम से हुई थी। पति कोविड काल से चार बच्चों के साथ ऋषिकेश में रह रहा था। सुनीता बीबीडी के पास किराए का घर लेकर संगठन में सक्रिय थी। वो चर्चा में थ आई जब उसने जानलेवा हमले का एक केस जहांगीराबाद थाने में तीन साल पहले दर्ज कराया था। मामला लेनदेन के विवाद से जुड़ा था।
CCTV से मिला सुराग, घटना से पहले माती गांव में दावत उड़ाई, कॉल डिटेल से खुला राज
शव मिलने के बाद पुलिस को एक दिन पहले का CCTV फुटेज मिला। इसमें माती निवासी विकास के साथ वो दिखी। विकास से पूछताछ के बाद आगे का हाल पता चला। सुनीता कई माह तक माती में विकास के साथ भी रही। घटना से पहले उसने पवैयाबाद की एक युवती के साथ माती में दावत भी उड़ाई फिर युवती को उसके गांव छोड़ दिया गया। सुनीता बाइक सवार के साथ चली गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और कॉल डिटेल भी खंगाली। इसी आधार पर लखनऊ चिनहट निवासी राज मिश्रा उर्फ राज को असेनी मोड़ पर गिरफ्तार किया गया।
पैसों की मांग व धमकियों से तंग आकर चिनहट के प्रेमी ने बनाया हत्या का प्लान
जांच में सामने आया कि चिनहट में रहने वाले राज मिश्रा उर्फ राजू से सुनीता का इश्क चल रहा था। राज पहले से विवाहित था। इधर, सुनीता आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी। मना करने पर वह पैसों की मांग करती और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी। इसी बात से तंग आकर राज ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। वो अपनी स्प्लेंडर बाइक से यहां आया व हत्या कर निकल गया। घटनास्थल देवा-चिनहट रोड से आधा किमी से भी कम दूरी पर था।
आरोपी का है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रामनगर के गनेशपुर गांव का मूल निवासी आरोपी राज मिश्रा उर्फ राजू का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ लूट, छेड़छाड़, बलात्कार, हत्या और अपहरण जैसे कई संगीन मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी बाइक UP 32 GE 8785 भी बरामद की है।






