Lucknow City

जबरन रोकी थी जलशक्ति मंत्री की गाड़ी… भाजपा विधायक को नोटिस, सात दिन में मांगा जवाब

पांच दिन पूर्व महोबा जिले के दौरे पर गए थे मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक व उनके समर्थकों ने उठाया था सड़कों की बदहाली का मुद्दा, देर तक हुआ था हंगामा

लखनऊ, 6 फरवरी 2026:

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की गाड़ी जबरन रोके जाने के मामले में भाजपा ने सख्ती दिखाई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने चरखारी से विधायक बृजभूषण राजपूत को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा है।

मामला 30 जनवरी का है, जब मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा में एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान चरखारी क्षेत्र में विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों के साथ मंत्री की गाड़ी रुकवा ली। विधायक जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली को लेकर नाराज बताए जा रहे हैं। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा और बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे। हंगामा तब शांत हुआ जब मंत्री विधायक को साथ लेकर डीएम के पास गए।

घटना के बाद यह मामला सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। मंत्री की गाड़ी रोके जाने और हंगामे की तस्वीरें व वीडियो सामने आए तो पार्टी नेतृत्व के लिए स्थिति असहज हो गई। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया।

ये भी पढ़ें:

इस बीच विधायक का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह यह कहते सुने गए कि जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री की गाड़ी भी रोक सकते हैं और किसी को रोकना या बंधक बनाना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है। विधायक ने इसे व्यक्तिगत नहीं, बल्कि जनता और विकास से जुड़ा मुद्दा बताया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम को अनुशासनहीनता मानते हुए विधायक से लिखित जवाब तलब किया है। तय समय में जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें  बुंदेलखंड की बदली तस्वीर : बीवीएस स्टार्टअप एक्सपो-2026 से झांसी बना उभरता इनोवेशन हब

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button