Barabanki City

विशेष सचिव बनकर सचिवालय कैंटीन में सौदा…लखनऊ के जालसाज ने प्लॉट के बहाने 50 लाख ठगे

आवास विकास कॉलोनी निवासी युवक ने दर्ज कराई एफआईआर, उत्तर प्रदेश शासन लिखी कार से घूमता था लखनऊ कमता निवासी जालसाज

बाराबंकी, 14 फरवरी 2026:

खुद को उत्तर प्रदेश सरकार का विशेष सचिव बताया, सचिवालय की कैंटीन में सौदा किया और निवेश के नाम पर 48 लाख की ठगी कर ली। अब कोतवाली शहर क्षेत्र में आवास विकास कॉलोनी निवासी उत्कर्ष वर्मा ने लखनऊ के सूर्य प्रकाश सैनी पर धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है। ये मामला कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया गया है।

उत्कर्ष वर्मा के मुताबिक उनकी मुलाकात एक वैवाहिक समारोह में लखनऊ कमता के सुरेंद्र नगर निवासी सूर्य प्रकाश सैनी से हुई थी। आरोपी ने खुद को उत्तर प्रदेश सरकार का विशेष सचिव और वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी बताया। उसने पहचान पत्र भी दिखाया और जिस कार से वह आता था उस पर उत्तर प्रदेश शासन लिखा रहता था, जिससे भरोसा और मजबूत हो गया।

आरोपी सुरेंद्र ने उससे कहा कि बाराबंकी के विकास भवन रोड स्थित अपने करीब 5000 वर्गफुट के प्लॉट पर वह मार्केट बना रहा है और उसमें 4500 वर्गफुट का हॉल उसको दे देगा। इसके लिए पहले निवेश करने को कहा गया। विश्वास दिलाने के लिए सुरेंद्र उत्कर्ष और उसके परिचितों को अपनी कार से सचिवालय भी ले गया, जहां कैंटीन में बैठकर पूरी योजना समझाई गई और पैसा जमा करने को कहा गया।

इसी भरोसे में आकर उत्कर्ष और उसके साथियों ने अलग अलग माध्यमों से करीब 28 लाख 60 हजार 600 रुपये आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से तथा लगभग 20 लाख रुपये नगद आरोपी को दे दिए। नगद रकम लेने के लिए आरोपी कई बार अपनी कार से बाराबंकी आया।

समय बीतने के बाद जब न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ और न कोई दस्तावेज मिला तो शक हुआ। फोन करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में भी धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज है। उत्कर्ष का कहना है कि उसने परिवार और दोस्तों से उधार लेकर रकम दी थी, जिससे उस हॉल में जिम खोलकर भविष्य बनाने की उम्मीद थी। इस जालसाजी ने उसे तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button