Sports

T20 World Cup : पाक से आज होगा हाईवोल्टेज मुकाबला… दबदबा कायम रखने उतरेगा भारत

पांच महीने बाद फिर कोलंबों में आमने-सामने होंगी दोनों टीमें, जानें कब और कहां देख सकेंगे लाइव मैच

स्पोर्ट्स डेस्क, 15 फरवरी 2026:

T20 विश्व कप में आज क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। कोलंबो में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर मैदान पर आमने-सामने उतरेंगी। पिछली भिड़ंत के करीब पांच महीने बाद दोनों टीमों का मुकाबला होने जा रहा है, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।

विश्व कप में भारत का पलड़ा भारी

यह मैच श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। टी20 विश्व कप इतिहास पर नजर डालें तो भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ काफी मजबूत रहा है। अब तक खेले गए आठ मुकाबलों में सात बार भारतीय टीम ने जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को केवल एक जीत मिली है। वनडे और टी20 विश्व कप को मिलाकर भी पाकिस्तान भारत को सिर्फ एक बार ही हरा पाया है।

हालांकि टी20 फॉर्मेट को अनिश्चितताओं का खेल माना जाता है, इसलिए किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। दोनों टीमों के खिलाड़ी भले ही इसे सामान्य मैच बता रहे हों, लेकिन मुकाबले की अहमियत और दबाव से हर कोई वाकिफ है।

दबाव और जज्बात तय करेंगे नतीजा

भारत और पाकिस्तान का मैच सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि जज्बातों की टक्कर भी होता है। मैदान पर माहौल हमेशा गर्म रहता है और खिलाड़ियों पर मानसिक दबाव भी ज्यादा होता है। ऐसे में वही टीम बाजी मारती है जो हालात पर काबू रखती है और मौके का सही फायदा उठाती है।

कहां देख सकेंगे लाइव मैच

टी20 विश्व कप के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स चैनलों पर मैच का सीधा प्रसारण देख सकते हैं। वहीं मोबाइल और ऑनलाइन दर्शकों के लिए मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर उपलब्ध रहेगी।
आज का यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे अहम मैचों में से एक माना जा रहा है और दोनों टीमों के समर्थकों की नजरें इसी पर टिकी हैं।

तीन स्पिनरों के साथ उतर सकता है भारत

आर प्रेमादासा स्टेडियम की स्पिन मददगार पिच को देखते हुए टीम इंडिया प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकती है। कोलंबो की पिच धीमी मानी जाती है, इसलिए भारत तीन स्पिनरों के साथ खेलने की रणनीति अपना सकता है। अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के साथ कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। ऐसे में अर्शदीप सिंह या रिंकू सिंह में से किसी एक को बाहर होना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button