बाराबंकी, 20 फरवरी 2026:
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में घर से निकली 17 वर्षीय किशोरी ईंट-भट्ठे के पास जलती हुई हालत में मिली। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान लखनऊ सिविल अस्पताल के बर्न वार्ड में उसकी मौत हो गई। उसने मरने से पहले धमकी देने वाले का नाम भी बताया। पता चला कि आरोपी पेट्रोल पंप का पूर्व कर्मचारी है। फिलहाल धमकी क्यों दी गई, किशोरी इस दर्दनाक अंजाम तक कैसे पहुंची, दुष्कर्म किया गया या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
बताया गया कि किशोरी मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में रहने वाले एक निर्धन परिवार की बेटी थी। परिवार के मुखिया की करीब तीन महीने पहले 25 दिसंबर 2025 को सियार के हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी पत्नी पर आ गई, जो मजदूरी कर सात बच्चों का पालन- पोषण कर रही थी।
चार बहनों और भाइयों में तीसरे नंबर पर रही उसकी नाबालिग बेटी गुरुवार को घर से निकली थी। घर से निकलने के लगभग दस मिनट बाद मोहम्मदपुर खाला थाने से करीब 300 मीटर पीछे स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास लोगों ने आग की लपटें उठती देखीं। पास जाकर देखा तो किशोरी जल रही थी। उसकी चीख सुनकर वहां मौजूद मजदूरों ने मचान पर पड़ी रजाई डाली और किसी तरह आग बुझाई। लगभग 80 फीसदी जल चुकी किशोरी जहां झुलसी मिली वहां एक पानी व की बोतल भी मिली है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे सूरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इससे पहले अस्पताल में पुलिस ने किशोरी का बयान दर्ज किया था। उसने मोहम्मदपुर खाला चौराहे स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक अखिलेश यादव (अस्पष्ट) का नाम लिया, हालांकि वह इससे ज्यादा कुछ नहीं बता सकी।
इधर, मृतका की बहन जो लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करती हैं, ने बताया कि उसे फोन से घटना की जानकारी मिली तो वह तुरंत घर पहुंचीं। उनका कहना है कि बहन के साथ कुछ गलत हुआ है। वो खुद को आग लगाती तो बचाव में इधर-उधर भागती। पहले उनकी बहन को पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमें गठित की हैं।
फिलहाल बताया गया कि किशोरी एक साल पहले चार पांच दिन के लिए लापता हुई थी लेकिन घर वापस आ गई थी। पुलिस ने मृतका के नाखूनों का सैम्पल लिया है। उम्मीद हैं डीएनए टेस्ट कराया जाए। हालांकि सूत्रों के अनुसार मृत्यु पूर्व दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है। घटना एकतरफा प्रेम की खीझ है या उसे अकेले देखकर की गई दुष्कर्म की कोशिश इन सवालों के जवाब पुलिस की तफ्तीश में ही मिलेंगे।






