लखनऊ, 20 फरवरी 2026:
राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026 की शुरुआत उत्साह के साथ हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
उद्घाटन समारोह में मंत्री ने मार्च पास्ट की सलामी ली और प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आईटीआई संस्थानों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी शारीरिक रूप से मजबूत और मानसिक रूप से आत्मविश्वासी बन सकें। उनके मुताबिक खेल केवल फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आत्मबल भी सिखाते हैं।

20 से 22 फरवरी तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग अलग जनपदों से आए आईटीआई प्रशिक्षु हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेल, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के जरिए अपने व्यक्तित्व को निखारने का मौका देना है। मैदान में उतरने वाले खिलाड़ी जीत के साथ साथ आत्मविकास की भावना भी लेकर खेल रहे हैं।
प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने बताया कि विभाग की ओर से पहली बार इस तरह की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। जिला और मंडल स्तर पर चयन के बाद राज्य स्तर पर पहुंचे 579 प्रतिभागियों में 271 महिला और 308 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।
प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह के अनुसार महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं 20 फरवरी को, पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं 21 फरवरी को आयोजित होंगी, जबकि शेष मुकाबले 22 फरवरी को संपन्न कराए जाएंगे। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की पूरी व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी और खो खो समेत कुल 13 खेल शामिल किए गए हैं।






