Lucknow CityUttar Pradesh

गोधन समागम आज : गोपालकों को मिलेगा सम्मान, स्वदेशी नस्लों पर मंथन से सशक्त होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजन, गोकुल पुरस्कार के 63 और नंद बाबा पुरस्कार के 49 लाभार्थियों को किया जाएगा पुरस्कृत, निराश्रित गोवंश संरक्षण में बेहतर कार्य करने वाली गोशालाएं भी होंगी सम्मानित

लखनऊ, 23 फरवरी 2026:

उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास विभाग की ओर से आज गोधन समागम-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम यूपी की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा। इसमें गोपालन से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए गोकुल पुरस्कार के 63 और नंद बाबा पुरस्कार के 49 चयनित लाभार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसके साथ ही निराश्रित गोवंश के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली गोशालाओं को भी सम्मान पत्र और डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में दुग्ध विकास एवं पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह पुरस्कार वितरित करेंगे। दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी केजी ने बताया कि समागम का उद्देश्य स्वदेशी नस्लों के संरक्षण, आधुनिक दुग्ध उत्पादन तकनीकों और गोपालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर व्यापक संवाद स्थापित करना है।

पहले सत्र में गोधन प्रदर्शनी, गोकुल व नंद बाबा पुरस्कार वितरण, दुग्ध उत्पादन की आधुनिक तकनीकों पर प्रस्तुतिकरण तथा उत्कृष्ट निराश्रित गोआश्रय स्थलों और गोशालाओं को सम्मानित किया जाएगा। दूसरे सत्र में गो-आधारित अर्थव्यवस्था पर गोपालकों की संगोष्ठी होगी, जिसमें पशु आहार, हरे चारे, पोषण, नस्ल सुधार और पशु स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। गोवंश आश्रय स्थलों को उत्पादक और स्वावलंबी बनाने के लिए व्यावहारिक मॉडल भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

कार्यक्रम में पशुधन, दुग्ध एवं मत्स्य विकास के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम और पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव मौजूद रहेंगे। विषय विशेषज्ञों, उद्यमियों, किसानों और पशुपालकों की भागीदारी से यह समागम गोपालन को आजीविका का सशक्त माध्यम बनाने की दिशा में ठोस राह दिखाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button