सीतापुर/बाराबंकी, 24 फरवरी 2026:
सीतापुर जिले के बिसवां थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले शारदा नहर में डूबे दो बच्चों में से एक का शव बाराबंकी के देवा कोतवाली क्षेत्र में मिल गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। सीतापुर से पहुंचे परिजन बेटे का शव देखते ही रो पड़े। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया, जिसे लेकर परिजन सीतापुर रवाना हो गए।
बताया गया कि बिसवां थाना क्षेत्र के बुढ़रापुर निवासी इशरत का 10 वर्षीय बेटा फैज आलम अपने दोस्त फरीद के साथ तीन दिन पूर्व नहर की पटरी पर खेल रहा था। इसी दौरान दोनों बच्चे अचानक शारदा नहर में गिर गए और लापता हो गए। नहर किनारे उनके चप्पल मिले थे। आशंकित परिजनों और पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन शुरुआती दिनों में उनका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार शाम देवा कोतवाली क्षेत्र के नरैनी के पास शारदा नहर में एक बच्चे का शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान फैज आलम के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि दूसरे लापता बच्चे फरीद की तलाश लगातार जारी है। नहर किनारे सर्च अभियान चलाया जा रहा है और आसपास के थानों को भी अलर्ट किया गया है। फिलहाल फरीद का परिवार फैज का शव मिलने के बाद दहशत में है।






