यामानाशी/लखनऊ, 26 फरवरी 2026:
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापान दौरे पर हैं। इस दौरान निवेश आकर्षण के साथ-साथ अत्याधुनिक परिवहन प्रणाली, ग्रीन एनर्जी और औद्योगिक नवाचार के मॉडल्स का अध्ययन किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने यामानाशी प्रांत में विश्व की सबसे तेज हाई-स्पीड ट्रेन SCMAGLEV का अनुभव लिया। इसकी रफ्तार 500 किमी प्रति घंटा तक पहुंचती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 501 किमी प्रति घंटा की गति से यात्रा करने के बावजूद ट्रेन बेहद सुगम, स्थिर और सुरक्षित महसूस हुई। यह अनुभव भविष्य की परिवहन व्यवस्था की झलक जैसा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तकनीक केवल तेज गति का प्रतीक नहीं बल्कि स्वच्छ, ऊर्जा-कुशल और सटीक मोबिलिटी सिस्टम का उदाहरण है। उनके अनुसार जब तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ती है तो भविष्य पहले से कहीं अधिक निकट महसूस होता है। जापान की नवाचार आधारित सोच और दीर्घकालिक इंफ्रास्ट्रक्चर विजन की उन्होंने खुलकर सराहना की।
जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री उन्नत तकनीक, हाई-स्पीड ट्रांसपोर्ट, ग्रीन एनर्जी और इंडस्ट्रियल इनोवेशन से जुड़े मॉडलों को समझ रहे हैं। यामानाशी में एससीमैग्लेव ट्रेन का अनुभव उत्तर प्रदेश में भविष्य की स्मार्ट मोबिलिटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर योजनाओं के लिए अहम माना जा रहा है। सरकार का फोकस निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ नई तकनीकों को प्रदेश में लागू करने की संभावनाओं को मजबूत करने पर है जिससे आधुनिक, टिकाऊ और भविष्य उन्मुख विकास को गति मिल सके।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्व प्रसिद्ध माउंट फूजी का अवलोकन भी किया। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता प्राप्त यह पर्वत जापान की शाश्वत सुंदरता, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक माना जाता है। साफ मौसम में माउंट फूजी का दर्शन करते हुए मुख्यमंत्री ने जापान की समृद्ध परंपराओं, प्राकृतिक वैभव और अनुशासित समाज की सराहना की और इसे अपने लिए एक यादगार अनुभव बताया।






