स्पोर्ट्स डेस्क 27 फरवरी 2026:
भारतीय टीम के मध्यक्रम बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र सिंह का स्टेज 4 लीवर कैंसर के कारण निधन हो गया है। इस घटना के बाद T20 विश्वकप के आगामी मैचों में उनकी उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। भारतीय टीम नॉकआउट चरण के बेहद अहम मुकाबलों की तैयारी कर रही है, ऐसे में टीम मैनेजमेंट की नजर भी इस फैसले पर टिकी है।
खानचंद्र सिंह पिछले काफी समय से लीवर कैंसर से जूझ रहे थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था और वेंटिलेटर सपोर्ट भी दिया गया, लेकिन बीमारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
अलीगढ़ निवासी खानचंद्र सिंह एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। सीमित आमदनी के बावजूद उन्होंने बेटे के क्रिकेट करियर में कभी कमी नहीं आने दी। रिंकू की सफलता के पीछे उनके पिता की मेहनत और हौसला बड़ा कारण माना जाता है।
पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही रिंकू टीम कैंप छोड़कर घर पहुंचे थे। उस समय भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले की तैयारी में लगी थी। परिवार से मिलने के बाद वह दोबारा टीम से जुड़ गए थे, लेकिन अब अंतिम संस्कार और पारिवारिक रस्मों के चलते फिर से टीम से दूर रह सकते हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में रिंकू प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला। मैच के दौरान रिंकू को सूर्यकुमार यादव की जगह सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान में देखा गया। ऐसे में टीम मैनेजमेंट आगे भी यही संयोजन जारी रख सकता है।
अब सबकी नजर बीसीसीआई के फैसले पर
भारतीय टीम का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज से होना है, जो सेमीफाइनल की दौड़ तय करेगा। फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से रिंकू सिंह की उपलब्धता पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।






