Entertainment

फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी फायरिंग केस का इंटरनेशनल कनेक्शन…नेपाल से फंडिंग का खुलासा

मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में बड़ा दावा, एटीएम ट्रांजैक्शन के जरिए आरोपियों तक पहुंची रकम; अब बैंक खातों की गहन जांच

एंटरटेनमेंट डेस्क, 28 फरवरी 2026:

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक हमले को अंजाम देने वाले शूटर्स को विदेश से आर्थिक मदद मिली थी। शुरुआती जांच में फंडिंग का लिंक नेपाल से जुड़ा पाया गया है।

एटीएम के जरिए पहुंचाई गई रकम

जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपियों के बैंक खातों में मोटी रकम जमा कराई गई थी। यह पैसा एटीएम ट्रांजैक्शन के जरिए डाला गया, जिससे शक और गहरा हो गया है। पुलिस का कहना है कि रकम किसी अज्ञात शख्स ने जमा कराई और अब उसके नेटवर्क की तलाश की जा रही है।

बैंक खातों की खंगाल रही पुलिस

क्राइम ब्रांच ने संबंधित बैंकों को पत्र भेजकर आरोपियों की पूरी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री मांगी है। बैंक स्टेटमेंट, पैसे जमा करने वाले व्यक्ति और पैसों के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि कहीं इस मामले में बाहरी आपराधिक या संगठित गिरोह तो शामिल नहीं हैं।

पहले भी मिलती रही थी फंडिंग

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आगरा से पकड़े गए कुछ आरोपियों को पहले भी आर्थिक मदद मिलती रही थी। इसी कड़ी को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके। जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि फंडिंग का अंतरराष्ट्रीय लिंक सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है।

अब तक 12 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

गौरतलब है कि जुहू स्थित बंगले पर हुई फायरिंग में किसी को चोट नहीं आई थी, लेकिन घटना ने फिल्म इंडस्ट्री को हिला दिया था। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारियां उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा समेत कई राज्यों से हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button