Uttarakhand

मेडिकल कॉलेज पहुंचे धामी…बालिकाओं को बताया एचपीवी टीके का महत्व

अजमेर से पीएम मोदी ने शुरू किया देशव्यापी अभियान, हल्द्वानी से वर्चुअली जुड़े रहे सीएम, मेडिकल कॉलेज में बालिकाओं को लगाया गया टीका

हल्द्वानी, 28 फरवरी 2026:

देशभर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शुरू किए गए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से की। इस कार्यक्रम से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और स्थानीय स्तर पर अभियान की शुरुआत कराई।

मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मुख्यमंत्री ने वहां बनाए गए एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान टीकाकरण के लिए आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से बातचीत की और उन्हें आसान भाषा में बताया कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में मदद करता है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ स्वास्थ्य से जुड़ा कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जुड़ा अहम कदम है।

CM Dhami at Medical College Discusses HPV Vaccine (1)

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में ‘स्वस्थ उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड’ के लक्ष्य के साथ स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। राज्य में करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो का निर्माण जारी है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण भी तेजी से चल रहा है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण जरूर कराएं। साथ ही शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button