सौरभ श्रीवास्तव
बक्शी का तालाब (लखनऊ), 1 मार्च 2026:
लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में वेज बिरयानी की दुकान में रखे फ्रीजर में 35 साल के युवक का शव मिला। दुकानदार के पिता की मौत के बाद दुकान 4 दिन से बंद थी। दुकानदार रविवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचा तो वह फ्रीजर में शव देखकर सन्न रह गया। पहली नजर में हत्या कर शव अंदर डालने की बात कही जा रही है हालांकि कोई चोट न मिलने से मामला पेचीदा हो गया है।
घटना जीसीआरजी कॉलेज के सामने की है। यहां सनी रावत की वेज बिरयानी की अस्थायी दुकान है। अंदर एक फ्रीजर रखा है। जो पॉवर से डिस्कनेक्ट है। अंदाजा है कि बेकार पड़े फ्रीजर को कोई सामान आदि रखने के लिए प्रयोग किया जाता हो। सनी रविवार की सुबह जब अपनी दुकान पहुंचा तो फ्रीजर में शव देखा। उसने शोर मचाया तो आसपास भीड़ लग गई।

पुलिस ने मौके पर आकर शव को फ्रीजर से बाहर निकाला। उसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शव के पास फोन और आधार कार्ड मिला है। आधार पर विजयपाल नाम लिखा है। विजय थाना बीकेटी क्षेत्र किशनपुर मजरा मदारीपुर इंदौरा बाग का रहने वाला था। पुलिस ने कॉल डिटेल खंगालने की बात कही है।
मृतक की पहचान बीकेटी निवासी विजय पाल (35) स्वर्गीय ढलई के रूप में हुई। विजय का 5 साल पहले पत्नी से अलगाव हो गया था। वह अकेले ही मेहनत-मजदूरी करके जीवनयापन कर रहा था। परिजनों के अनुसार, शनिवार को घर के पास दिखाई दिया था। उसके बाद पुलिस से मौत की सूचना मिली।

मृतक विजय के चचेरे भाई भानू ने बताया वह पहले वाई-फाई कनेक्शन लगाने का काम करते थे। इसके अलावा दिल्ली जाकर भी यही सब काम करते थे। लंबे समय से बीकेटी में ही रह रहे थे। एक बेटी भी है जो पत्नी के साथ रहती है। पत्नी से अलगाव के बाद से वह शराब पीने लगा था।






