लखनऊ, 1 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में इस बार होलिका दहन पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा। लकड़ी की कमी और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए लखनऊ नगर निगम ने एक शानदार पहल शुरू की है। यह है देसी गाय के गोबर से बने लट्ठों की बिक्री। ये लट्ठे कान्हा उपवन में तैयार किए गए हैं। नगर निगम ने इसके लिए वहां विशेष मशीन लगाई है। उपवन में मौजूद गायों के गोबर से ये इको-फ्रेंडली लट्ठे बनाकर होलिका दहन के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के मुताबिक गोबर के लट्ठों से दहन करने पर वातावरण अपेक्षाकृत शुद्ध रहता है और प्रदूषण में कमी आती है। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार गोबर से किया गया होलिका दहन सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। यानी परंपरा निभाते हुए प्रकृति की रक्षा भी होगी।

कीमत भी आम लोगों की जेब के मुताबिक रखी गई है। देसी गाय के गोबर से बने ये लट्ठे मात्र 5 रुपये प्रति पीस की दर से उपलब्ध हैं। नगर निगम इन्हें ऑनलाइन शॉपिंग के साथ-साथ ऑफलाइन तरीके से भी बेच रहा है। खास बात यह है कि अगर कोई व्यक्ति 200 से ज्यादा लट्ठे खरीदता है तो उसके लिए निशुल्क होम डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है। इससे कॉलोनियों, समितियों और सामूहिक आयोजनों के लिए थोक में खरीदना आसान हो गया है।
होलिका दहन के दौरान हर साल लकड़ी की भारी खपत होती है, जिससे पेड़ों पर दबाव बढ़ता है। गोबर के लट्ठे इस समस्या का व्यावहारिक विकल्प बनकर सामने आए हैं। इससे न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान कम होगा, बल्कि गो-सेवा और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस हरित पहल का हिस्सा बनना वाले नगर निगम के माध्यम से ऑर्डर कर सकते हैं। संपर्क के लिए सोनू सिंह के मोबाइल नंबर 9140876200 और 9451149355 पर जानकारी ली जा सकती है।






