Sports

IPL 2026: आखिरी ओवर में पलटा मैच…देशपांडे की बॉलिंग से RR ने GT को 6 रन से दी शिकस्त

210 रन के लक्ष्य के जवाब में गुजरात टाइटंस 204 तक ही पहुंच सकी, सुदर्शन की शानदार पारी और आखिर में रबाडा-राशिद की कोशिश भी टीम को जीत नहीं दिला सकी, आज हैदराबाद में सनराइजर्स व एलएसजी में होगा मुकाबला

स्पोर्ट्स डेस्क, 5 अप्रैल 2026:

अहमदाबाद में खेले गए IPL 2026 के रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 210 रन बनाए, जवाब में गुजरात की टीम 204 रन तक ही पहुंच सकी। रविवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स से होगी।

अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत काफी मजबूत रही। कुमार कुशाग्र और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए तेज साझेदारी करते हुए टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया। कुशाग्र 18 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सुदर्शन ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 44 गेंदों में 73 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

मिडिल ऑर्डर में जोस बटलर 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ग्लेन फिलिप्स और वॉशिंगटन सुंदर जल्दी पवेलियन लौट गए। राहुल तेवतिया और शाहरुख खान ने रन गति बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन टीम को बड़ा सहारा नहीं मिल सका। आखिरी ओवरों में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने तेजी से रन बटोरते हुए मुकाबले को फिर से जिंदा कर दिया। दोनों ने मिलकर 30 गेंदों में 43 रन जोड़े। राशिद ने 24 और रबाडा ने 23 रन की पारी खेली, लेकिन अंत में टीम जीत से दूर रह गई।

राजस्थान रॉयल्स के रवि विश्नोई ने अपने 4 ओवर के कोटे में 41 रन खर्च कर 4 विकेट चटकाए। उन्होंने साई सुदर्शन को 73 के निजी स्कोर पर आउट करने के साथ-साथ ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया का शिकार किया। बिश्नोई की इस शानदार गेंदबाजी के दम पर ही गुजरात टाइटंस 6 पहले घुटने टेकने पर मजबूर हो गई। बिश्नोई को इस लाजवाब परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया

मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंचा, जहां गुजरात को 10 रन चाहिए थे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी तुषार देशपांडे के हाथ में थी। उन्होंने दबाव में शानदार लाइन-लेंथ रखी। एक-एक रन के लिए जूझती गुजरात की टीम पर दबाव बढ़ता गया। पांचवीं गेंद पर राशिद खान का विकेट गिरा और यहीं मैच राजस्थान की पकड़ में आ गया। आखिरी गेंद पर भी रन नहीं बना और राजस्थान ने 6 रन से जीत दर्ज कर ली।

इससे पहले राजस्थान की शुरुआत भी दमदार रही। यशस्वी जायसवाल ने 55 रन बनाए और वैभव सूर्यवंशी के साथ तेज शुरुआत दी। नंबर तीन पर उतरे ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 75 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

जायसवाल और जुरेल के बीच अहम साझेदारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। आखिर में हेटमायर ने 18 रन जोड़े। कप्तान रियान पराग ज्यादा देर टिक नहीं सके। राजस्थान ने 20 ओवर में 210 रन बनाए। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए, लेकिन बल्लेबाजों की मेहनत के बावजूद टीम जीत तक नहीं पहुंच सकी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button