Sports

IPL 2026: पंत की दमदार पारी से लखनऊ की वापसी…हैदराबाद को आखिरी ओवर में मिली हार

कप्तान ने नाबाद 68 रन बनाकर फिनिश किया मुकाबला, हैदराबाद की मजबूत साझेदारी के बावजूद टीम 156 तक ही सीमित, लखनऊ ने 5 विकेट से जीता मुकाबला, आज पंजाब किंग्स व केकेआर के बीच ईडन गार्डन्स में होगी टक्कर

स्पोर्ट्स डेस्क, 6 अप्रैल 2026:

हैदराबाद में खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक अंदाज में सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हरा दिया। टीम की जीत के हीरो कप्तान ऋषभ पंत रहे, जिन्होंने नाबाद 68 रन बनाकर आखिरी गेंदों तक मैच संभाले रखा। 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने 19.5 ओवर में 160 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। आज सोमवार को पंजाब किंग्स व केकेआर के बीच ईडन गार्डन्स में टक्कर होगी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत ठीक रही। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। मार्श 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पंत तीसरे नंबर पर आए और पारी को संभाल लिया। मार्करम ने 45 रन बनाए, लेकिन अर्धशतक से चूक गए।

मध्यक्रम में लखनऊ ने थोड़े-थोड़े अंतराल पर विकेट गंवाए। आयुष बदोनी, निकोलस पूरन और अब्दुल समद बड़ी पारी नहीं खेल सके। एक समय मैच फंसता नजर आ रहा था, लेकिन पंत टिके रहे और रन गति बनाए रखी।

WhatsApp Image 2026-04-06 at 10.53.21 AM

आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 9 रन चाहिए थे। पंत ने पहली दो गेंदों पर चौके लगाकर स्कोर बराबर किया और फिर पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर मैच खत्म कर दिया। उन्होंने 50 गेंदों की पारी में 9 चौके लगाए।

इससे पहले हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में ही तीन विकेट गंवा दिए और स्कोर 22 रन तक ही पहुंच पाया। मोहम्मद शमी ने शुरुआती झटके देकर बल्लेबाजी लाइनअप को दबाव में डाल दिया।

चार विकेट जल्दी गिरने के बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने पारी को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 116 रन की मजबूत साझेदारी हुई। क्लासेन ने 62 रन और नीतीश ने 56 रन बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और टीम 20 ओवर में 156 रन तक ही पहुंच सकी।

लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी, आवेश खान और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट लिए। इस जीत के साथ लखनऊ ने सीजन में पहली जीत दर्ज की, जबकि हैदराबाद को तीन मैचों में दूसरी हार झेलनी पड़ी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button