Uttarakhand

चारधाम यात्रा से पहले परिवहन विभाग एक्शन में…16 अप्रैल से शुरू होंगे हाईटेक चेकपोस्ट

19 अप्रैल से होगी यात्रा की शुरुआत, रूट पर वाहनों की होगी कड़ी जांच, ऋषिकेश में कंट्रोल रूम तैयार, एएनपीआर कैमरों से हर वाहन पर रहेगी नजर

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 9 अप्रैल 2026:

चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 19 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा से पहले 16 अप्रैल से सभी प्रमुख मार्गों पर हाईटेक चेकपोस्ट सक्रिय कर दिए जाएंगे। इन चेकपोस्टों के जरिए वाहनों की जांच और निगरानी को और सख्त किया जाएगा।

विभाग की तरफ से आशारोड़ी, कटा पत्थर, कोठाल गेट, हरबर्टपुर, ऋषिकेश, सत्यनारायण, तपोवन, भद्रकाली और सोनप्रयाग में चेकपोस्ट बनाए गए हैं। सभी जगह वाई-फाई की सुविधा दी गई है। यहां ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड की जांच के साथ वाहनों की स्थिति भी देखी जाएगी।

ये भी पढ़ें:

यात्रा मार्ग पर प्रवर्तन टीमें लगातार तैनात रहेंगी। वाहन की फिटनेस, जरूरी कागजात और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी ताकि रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो। ऋषिकेश में इस बार केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जहां से पूरे सिस्टम पर नजर रखी जाएगी। यहां तैनात कर्मचारी यात्रियों की शिकायतों का तुरंत समाधान करेंगे। टोल फ्री नंबर के जरिए भी मदद ली जा सकेगी।

हरबर्टपुर बस अड्डा और ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप पर बसों की पहले ही जांच कर ली जाएगी, जिससे आगे के रास्तों पर भीड़ कम रहे। लंबी दूरी से आने वाले ड्राइवरों के लिए आशारोड़ी और नारसन बॉर्डर पर रुकने की व्यवस्था की जा रही है, जहां आराम करने के लिए बेड और शौचालय की सुविधा मिलेगी। सुरक्षा के लिए बॉर्डर इलाकों में एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं, जो हर वाहन की नंबर प्लेट को रिकॉर्ड कर सीधे मुख्यालय तक जानकारी पहुंचाएंगे। भद्रकाली, तपोवन, कटा पत्थर और नारसन बॉर्डर पर ये सिस्टम चालू हो चुका है।

ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। 30 मार्च से अब तक 1500 से ज्यादा ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। हरिद्वार के साथ रुड़की और आशारोड़ी में भी यह सुविधा दी जा रही है, जिससे प्रक्रिया आसान हो गई है। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी तैयारियां अंतिम दौर में हैं और इस बार यात्रा को ज्यादा सुरक्षित और सुगम बनाने पर पूरा जोर है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय रहते ग्रीन कार्ड बनवा लें और अपने वाहन की जांच पहले ही करवा लें।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  स्मारिका का विमोचन, धामी बोले- युवाओं के दम पर ही उत्तराखंड को मिलेगी नई पहचान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button