लखनऊ, 12 अप्रैल 2026:
अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर आए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दूसरे दिन रविवार को राजधानी में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में उन्होंने पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मंत्री स्व. लालजी टंडन की पुस्तक ‘स्मृति नाद’ का विमोचन किया। कार्यक्रम की शुरुआत जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि की अध्यक्षता में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने लालजी टंडन को याद करते हुए कई भावुक और प्रेरक प्रसंग साझा किए। उन्होंने कहा कि लालजी टंडन कुशल राजनेता के साथ बेहद सरल, स्नेही और जमीन से जुड़े इंसान भी थे। उनके व्यवहार में हर व्यक्ति के प्रति समान भाव रहता था। चाहे वह कार्यकर्ता हो या कोई बड़ा नेता। उनके संबोधन के दौरान सभागार का माहौल भावुक हो गया।

इससे पहले रक्षामंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इसके बाद वे ठाकुरगंज स्थित लखनऊ महानगर पूर्व महामंत्री राम अवतार कनौजिया के आवास पहुंचे जहां उन्होंने पार्षद रहीं रानी कनौजिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
कालिदास मार्ग स्थित आवास पर उन्होंने दोपहर में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने शहर में चल रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया और क्षेत्रीय जरूरतों से संबंधित मांगपत्र भी सौंपे।
राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शहीद हुए सुनील कुमार के परिवार से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। दौरे के अंतिम दिन सोमवार को रक्षामंत्री ‘सांसद खेल महाकुंभ’ का उद्घाटन करेंगे, जिसके जरिए युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया जाएगा।
READ MORE






