लखनऊ, 13 अप्रैल 2026:
यूपी सरकार वेलनेस टूरिज्म को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा और निर्णायक कदम उठाने जा रही है। इस क्रम में बागपत में 150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में एक अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जमीन पर उतारने से पहले सरकार सभी हितधारकों की राय जानने के लिए 17 अप्रैल को लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन आयोजित कर रही है।
इस कंसल्टेशन में निवेशकों, वेलनेस विशेषज्ञों, ऑपरेटरों और अन्य संबंधित पक्षों को आमंत्रित किया गया है जिससे परियोजना को व्यवहारिक, प्रभावी और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाया जा सके। राज्य पर्यटन विभाग का यह प्रयास इसलिए भी खास है क्योंकि किसी बड़े प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन से पहले व्यापक स्तर पर सुझाव और जरूरतों का आकलन किया जा रहा है।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि बागपत में प्रस्तावित यह वेलनेस सेंटर उत्तर प्रदेश की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेगा। मेरठ-बागपत हाईवे के पास स्थित होने के कारण यह परियोजना कनेक्टिविटी के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण होगी। इससे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए पहुंच आसान बनेगी।
उन्होंने बताया कि इस सेंटर में योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इसे एक वन-स्टॉप वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा जहां शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर एक साथ काम किया जा सकेगा।
राज्य सरकार की रणनीति स्पष्ट है कि यूपी को केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन तक सीमित न रखकर वेलनेस टूरिज्म के क्षेत्र में भी अग्रणी बनाना। इसी दृष्टि से इस परियोजना को ग्लोबल वेलनेस हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है।
पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के मुताबिक यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी। इसमें आधुनिक योग केंद्र, मेडिटेशन स्पेस, उपचार सुविधाएं और सतत पर्यटन के मानकों पर आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन के दौरान प्राप्त सुझावों के आधार पर परियोजना की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे यह निवेशकों और पर्यटकों दोनों के लिए आकर्षक बन सके।
यह परियोजना प्रदेश में पर्यटन के नए आयाम खोलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा करेगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी। बागपत को एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह पहल एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।






