Uttarakhand

PM मोदी के दौरे से पहले कांग्रेस का हमला तेज, उठाए अंकिता केस से लेकर बेरोजगारी तक बड़े सवाल

देहरादून में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पीएम से मांगे जवाब, कानून-व्यवस्था, भर्ती घोटाले और युवाओं के भविष्य को लेकर जताई चिंता

देहरादून, 13 अप्रैल 2026:

पीएम नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है। सोमवार को उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर प्रधानमंत्री से सीधे जवाब मांगे। उन्होंने कहा कि ये सवाल केवल कांग्रेस के नहीं अपितु उत्तराखंड की जनता के हैं। मुख्य विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस जनता की आवाज प्रधानमंत्री तक पहुंचा रही है।

गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को उठाते हुए कहा कि इस मामले में भाजपा के बड़े नेताओं पर सवाल उठ रहे हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की घोषणा के बावजूद महीनों बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जांच का आधार पीड़िता के परिवार की शिकायत के बजाय किसी तीसरे व्यक्ति की शिकायत क्यों बनाई गई।

मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। गोदियाल ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब ग्रामीण वन्यजीवों के आतंक से जूझ रहे हैं लेकिन सरकार ठोस कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के 2017 के बयान ‘पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी उत्तराखंड के काम आएगी’ की याद दिलाते हुए पूछा कि युवाओं के लिए अब तक कौन सी प्रभावी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशाखोरी बढ़ रही है। युवाओं का भविष्य खतरे में है।

भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन मामलों से उत्तराखंड की छवि धूमिल हो रही है। उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार पर टालमटोल का आरोप लगाया, जबकि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के फैसले आ चुके हैं।

शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए गोदियाल ने कहा कि भाजपा शासन में 886 स्कूल बंद हो चुके हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में 55 नई शराब दुकानों के खुलने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि क्या सरकार के पास राजस्व बढ़ाने के लिए खनन और शराब के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं, बच्चे और पूर्व सैनिक तक सुरक्षित नहीं हैं। साथ ही घरेलू गैस की कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई गई। उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान होटल और पर्यटन क्षेत्र के लिए पर्याप्त गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की अन्यथा पर्यटन अर्थव्यवस्था को नुकसान होने की आशंका जताई। इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रवक्ता राजेश चमोली और अभिनव थापर भी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button