Gorakhpur

गोरखनाथ मंदिर सुरक्षा को मिली हाईटेक ढाल, CM योगी ने किया आधुनिक भवनों का उद्घाटन

2017 के बाद पुलिस व्यवस्था में बड़े बदलाव का दावा, 2.19 लाख भर्तियां, ट्रेनिंग क्षमता 3 हजार से बढ़कर 60 हजार

गोरखपुर, 16 अप्रैल 2026:

गोरखपुर प्रवास के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए दो अत्याधुनिक सुरक्षा भवनों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा सुशासन की पहली शर्त है। हर नागरिक को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था में वर्ष 2017 के बाद आए व्यापक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले भर्ती, प्रशिक्षण और आधारभूत सुविधाओं की अनदेखी होती थी। इससे युवाओं में पुलिस सेवा के प्रति आकर्षण कम था। अब समय पर भर्ती, प्रभावी प्रशिक्षण और आधुनिक अवस्थापना विकास के चलते पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि 2017 में प्रदेश पुलिस में आधे से अधिक पद रिक्त थे लेकिन बीते 9 वर्षों में 2 लाख 19 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई। ट्रेनिंग क्षमता जो पहले एक समय में मात्र 3 हजार थी वह अब बढ़कर 60 हजार हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संसाधनों और सुविधाओं में 200 गुना तक वृद्धि की गई है। इससे पुलिस अब पहले से कहीं अधिक सशक्त और सक्षम बनी है।

WhatsApp Image 2026-04-16 at 2.58.59 PM

सीएम योगी ने पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि पहले पुलिसकर्मियों को आवास, बैरक और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलती थीं। इसके चलते उन्हें निजी मकानों में रहना पड़ता था। इससे कई बार विवाद भी उत्पन्न होते थे। अब हर पुलिस लाइन में बेहतर आवासीय सुविधाएं और बैरक उपलब्ध कराए गए जिससे ऐसी समस्याएं समाप्त हो गई हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि पहले थानों में अपराधियों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था नहीं होती थी जिससे कई बार वे भाग निकलते थे। अब आधुनिक सुविधाओं से लैस थानों में ऐसी स्थिति नहीं रही। हर समय पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।

मालूम हो कि नवनिर्मित सुरक्षा भवनों में अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, कंट्रोल रूम, पुलिस स्टोर रूम और मेंटिनेंस वर्कशॉप जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन भवनों के निर्माण पर 9.18 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है।

इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, एडीजी गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन, एडीजी सुरक्षा तरुण गाबा, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी आदि उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button