एंटरटेनमेंट डेस्क, 27 मई 2026:
एक समय था जब भारतीय बाजार में विदेशी घड़ियों का दबदबा था। लोगों को लगता था कि विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाली घड़ी केवल विदेशों में ही बन सकती है लेकिन कुछ लोगों ने इस सोच को चुनौती दी। उन्होंने एक ऐसा सपना देखा जिसने न केवल भारतीय घड़ी उद्योग की तस्वीर बदल दी बल्कि देश को एक ऐसा ब्रांड दिया जिस पर आज करोड़ों भारतीय गर्व करते हैं। इसी संघर्ष, जुनून और सफलता की कहानी को पर्दे पर लेकर आ रही है वेब सीरीज ‘मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी’।
नसीरुद्दीन शाह और जिम सर्भ का दमदार अंदाज
इस वेब सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्टार कास्ट है। दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह देश के महान उद्योगपति जेआरडी टाटा की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनका प्रभावशाली व्यक्तित्व और संवाद सीरीज को अलग स्तर पर ले जाते हैं वहीं जिम सर्भ जेरक्सेस देसाई की भूमिका निभा रहे हैं जिसने टाइटन ब्रांड को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सीरीज में उनका आत्मविश्वास, संघर्ष और लीडरशिप दर्शकों को प्रभावित करती है। दोनों कलाकारों की मौजूदगी सीरीज के प्रति उत्साह को और बढ़ा देती है। इसके अलावा इस सीरीज में वैभव तत्ववादी, नमिता दुबे और कावेरी सेठ भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
जुनून और संघर्ष का सफर है सीरीज
ये सीरीज केवल एक कंपनी की सफलता की कहानी नहीं है। यह उन लोगों के बारे में है जिन्होंने अपनी सोच और मेहनत के दम पर भारतीय उद्योग जगत में नया इतिहास रचा। कैसे कुछ दूरदर्शी लोगों ने टाटा ग्रुप के साथ मिलकर टाइटन के सपने को साकार किया। तमाम सरकारी अड़चनों, ब्यूरोक्रेसी और कड़े नियमों के बावजूद उन्होंने देश के पहले स्वदेशी ग्लोबल घड़ी ब्रांड ‘टाइटन’ की नींव रखी। यह सिर्फ एक बिजनेस की नहीं बल्कि भारतीय आत्मनिर्भरता और कड़े संघर्ष की कहानी है।

टीमवर्क की मिसाल है ‘मेड इन इंडिया’
सीरीज में केवल व्यापारिक चुनौतियां ही नहीं बल्कि मानवीय भावनाओं को भी खूबसूरती से दिखाया गया है। सपनों को पूरा करने का दबाव, असफलता का डर, टीमवर्क की ताकत और सफलता की खुशी, इन सभी पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया है। यही वजह है कि सीरीज केवल बिजनेस में रुचि रखने वाले लोगों को ही नहीं बल्कि युवाओं, उद्यमियों और प्रेरणादायक कहानियां पसंद करने वाले दर्शकों को भी आकर्षित कर रही है।
दिलचस्प कहानी को लेकर फैंस में बढ़ी उत्सुकता
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। कई दर्शकों ने इसे भारतीय उद्यमिता की प्रेरक कहानी बताया है। वहीं कुछ लोग इसे भारत के कॉर्पोरेट इतिहास पर बनी सबसे दिलचस्प सीरीज में से एक मान रहे हैं। अगर ट्रेलर की झलक को आधार माना जाए तो ये वेब सीरीज केवल मनोरंजन नहीं बल्कि एक ऐसा अनुभव साबित हो सकती है जो दर्शकों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला देगी। ये वेब सीरीज 3 जून को अमेजन एमएक्स प्लेयर के ओटीटी पर रिलीज होगी जहां आप इसे मुफ्त में देख सकते हैं।






