Uttarakhand

ITI संस्थानों में बड़ा बदलाव… 168 नए ट्रेनर होंगे भर्ती, इस सेंटर में चलेंगे शॉर्ट टर्म कोर्स

कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, आईटीआई संस्थानों में छात्र संख्या बढ़ाने और सुविधाओं के विस्तार पर किया मंथन

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 1 जून 2026ः

उत्तराखंड के देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आगामी भर्ती सत्र को देखते हुए आईटीआई संस्थानों में छात्रों की संख्या बढ़ाने और कौशल विकास विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों व कॉलेजों के छात्रों व उनके अभिभावकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के अवसर हासिल कर सकें।

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सोमवार को विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य के आईटीआई संस्थानों में सुविधाओं के विस्तार पर मंथन किया। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास योजनाओं से संबंधित होर्डिंग लगाने के भी निर्देश दिए।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में टीवीएस कंपनी के सहयोग से स्थापित किए जा रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन 16 जून को किया जाएगा। इसके अलावा टाटा टेक्नोलॉजी को सौंपे गए 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जुलाई से शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 32 आईटीआई ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (डीएसटी) मॉडल पर संचालित हो रहे हैं। यहां छात्र छह माह आईटीआई व छह माह उद्योगों में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। अब ऐसे आईटीआई की संख्या बढ़ाकर 45 की जाएगी, जिससे छात्रों को उद्योगों से जुड़कर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अधिक अवसर मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग प्रदेश में 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती करने जा रहा है, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता व संस्थानों की कार्यक्षमता में सुधार होगा। बैठक में विभाग के निदेशक संजय कुमार, संयुक्त निदेशक मनमोहन कुड़ियाल, उप निदेशक शैलेन्द्र शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button