लखनऊ, 1 जनवरी 2026:
नए साल पर यूपी के युवाओं को प्रदेश सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। इस उपहार ने लाखों परिवारों में उम्मीद की नई लौ जला दी है। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए 32,679 पदों पर नियुक्तियों की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह केवल एक भर्ती नहीं अपितु रोजगार के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस भर्ती बोर्ड के अनुसार अभ्यर्थी 30 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले आवेदकों को बोर्ड की वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) प्रणाली में पंजीकरण कराना होगा। तकनीक सक्षम यह व्यवस्था प्रक्रिया को तेज और सरल बनाने के साथ उम्मीदवारों को बार-बार दस्तावेज अपलोड करने की परेशानी से भी बचाती है। ओटीआर के जरिए होने वाला यह बदलाव भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व को नए आयाम देता है।

यह भर्ती ऐसे समय में आ रही है जब प्रदेश में रोजगार को लेकर माहौल सकारात्मक होता दिख रहा है। वर्ष 2025 में ही 60,244 पदों पर सिपाही भर्ती पूरी की गई थी। इससे पहले पुलिस विभाग में 2.19 लाख से अधिक नियुक्तियां कर सरकार ने सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के साथ युवाओं को स्थायी और सम्मानजनक अवसर दिए।आंकड़े बताते हैं कि योगी सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती एक सतत अभियान का रूप ले चुकी है। यहां घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहतीं अपितु जमीन पर अमल भी नजर आता है।
नई अधिसूचना से यह भी स्पष्ट होता है कि सरकार की प्राथमिकता केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है बल्कि कौशलयुक्त, सक्षम और उत्तरदायी पुलिस बल तैयार करने की दिशा में प्रयास लगातार जारी हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, तकनीकी निगरानी, मेरिट आधारित चयन और समयबद्ध परिणाम अब नई पहचान बन चुके हैं। बीते वर्षों में प्रक्रिया में सुधारों ने उन आशंकाओं को भी खत्म किया जो कभी पुलिस भर्तियों को लेकर सामने आती थीं।
प्रदेश के युवाओं में इस नई भर्ती को लेकर उत्साह साफ देखा जा रहा है। निरंतर भर्तियों से बेरोजगारी में कमी आने के साथ पुलिस बल की संख्या और क्षमता में वृद्धि होगी। इससे प्रदेश में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। सरकार का मानना है कि मजबूत पुलिस व्यवस्था ही सुरक्षित और विकसित उत्तर प्रदेश की नींव है। यह भर्ती उसी सोच का विस्तार प्रतीत होती है।
नई भर्ती अधिसूचना युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलती है। रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता, सामाजिक सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ेगा। इसके साथ पुलिस तंत्र में नई ऊर्जा और दक्षता का संचार होगा। वर्ष 2026 की शुरुआत प्रदेश के लिए उम्मीद, अवसर और विकास के नए अध्याय के साथ होने जा रही है।






