लखनऊ, 9 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार की शाम यात्रियों की धड़कन बढ़ाने वाली रही। दुबई जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी की जानकारी से यात्री डर गए। करीब दो घंटे की जांच पड़ताल के बाद फ्लाइट रवाना हो सकी। वहीं दूसरी ओर सऊदी अरब से आए एक विमान में सीट के नीचे से करोड़ों रुपये का लावारिस सोना मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया।
एअर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई जाने वाली फ्लाइट को रविवार शाम पौने छह बजे उड़ान भरनी थी। 172 यात्री बोर्डिंग कर अपनी सीटों पर बैठ चुके थे। विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था तभी पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का आभास हुआ। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और विमान को वापस टर्मिनल की ओर मोड़ दिया गया।
इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने विमान की गहन जांच शुरू की। अचानक हुई देरी से यात्री नाराज भी दिखे लेकिन एयरलाइंस के अधिकारियों ने उन्हें स्थिति की गंभीरता समझाई और भरोसा दिलाया कि सुरक्षा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तकनीकी खामी दूर हुई और रात लगभग 8 बजे विमान दुबई के लिए रवाना हुआ।
दूसरी तरफ एयरपोर्ट पर एक और बड़ा मामला सामने आया है। एअर इंडिया के सुरक्षा कर्मियों को पांच फरवरी की रात सऊदी एयरलाइंस के जेद्दा से आए एक विमान की एक सीट के नीचे दो पैकेट और एक छोटी पॉलीथिन मिली। जांच करने पर इनमें करीब 1267 ग्राम सोना पाया गया। उसकी कीमत लगभग एक करोड़ 95 रुपये आंकी गई।
मामले की सूचना तुरंत सीमा शुल्क विभाग को दी गई। जांच के दौरान यह पता नहीं चल सका कि सोना किस यात्री का है। किसी भी दावेदार के सामने न आने पर सीमा शुल्क विभाग ने इस लावारिस सोने को जब्त कर लिया। अधिकारियों का मानना है कि मामला सोने की तस्करी से जुड़ा हो सकता है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।






