Lucknow City

लखनऊ में बसने जा रही ‘वेलनेस सिटी’, LDA ने तेज की तैयारियां, 1197 एकड़ में बनेगा आधुनिक शहर

सुल्तानपुर रोड पर प्रस्तावित योजना को इसी साल लॉन्च करने की तैयारी, लॉटरी के माध्यम से भूखंडों का शुरू किया जाएगा आवंटन, लैंड पूलिंग नीति के तहत काश्तकारों को निशुल्क दी जाएगी जमीन

लखनऊ, 11 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के सुनियोजित और आधुनिक विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सुल्तानपुर रोड पर प्रस्तावित वेलनेस सिटी योजना की तैयारियों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जायजा लिया और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए जिससे परियोजना को जल्द शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि लैंड पूलिंग नीति के तहत जिन काश्तकारों की भूमि इस योजना में शामिल की जा रही है उन्हें वेलनेस सिटी में ही निशुल्क भूखंड प्रदान किए जाएंगे। इससे किसानों को सीधे तौर पर योजना का लाभ मिलेगा और विकास की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने काश्तकारों को योजना की पूरी जानकारी देने और लैंड पूलिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए साइट ऑफिस पर विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अर्जन अनुभाग के अधिकारी नियमित रूप से साइट ऑफिस में बैठकर किसानों की समस्याओं का समाधान करें और भूमि एग्रीमेंट की प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाएं।

उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि लैंड पूलिंग नीति के तहत कम से कम 50 प्रतिशत भूमि की सहमति या अधिग्रहण सुनिश्चित किया जाए जिससे योजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। जिन गांवों में अभी तक भूमि एग्रीमेंट नहीं हुए उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर समझौते कराने को कहा गया है।

एलडीए के अनुसार सुल्तानपुर रोड पर लगभग 1197 एकड़ क्षेत्रफल में यह वेलनेस सिटी विकसित की जाएगी। इसके लिए भूमि क्रय, लैंड पूलिंग और अर्जन के माध्यम से जमीन जुटाई जा रही है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि वर्ष 2026 में ही योजना को लॉन्च कर दिया जाए और लॉटरी के माध्यम से भूखंडों का आवंटन शुरू किया जाए।
प्राधिकरण का मानना है कि यह परियोजना लखनऊ के शहरी विस्तार को नया आयाम देने के साथ ही आधुनिक और व्यवस्थित नगरीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button