Lucknow City

कबाब-पराठे लेकर घर लौट रहा था युवक, पीछे बैठे करीबी ने बाइक पर ही रेत दिया गला

लखनऊ के उतरेटिया इलाके में खौफनाक मर्डर, मौके से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को झोपड़पट्टी में मौजूद लोगों एवं राहगीरों ने दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस के हवाले किया, मूल रूप से कानपुर का रहने वाला था मृतक

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 21 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के PGI क्षेत्र में मंगलवार रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर दिया। बाइक चला रहे एक युवक की पीछे बैठे उसके ही करीबी ने अचानक चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हमला इतना अचानक और घातक था कि युवक संभल भी नहीं सका और सड़क पर गिरते ही मरणासन्न हो गया। अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 28 वर्षीय प्रदीप सिंह परिहार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कानपुर का रहने वाला था। वर्तमान में पीजीआई क्षेत्र के उतरेटिया इलाके में पत्नी पूजा के साथ किराये के मकान में रहता था। प्रदीप गैस सिलेंडर वितरण का काम करता था। वह परिवार का एकमात्र सहारा था।

WhatsApp Image 2026-01-21 at 12.14.25 PM

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे प्रदीप शहीद पथ की सर्विस लेन से होते हुए बाइक से घर लौट रहा था। बाइक वह खुद चला रहा था जबकि उसका एक करीबी पीछे बैठा हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार जैसे ही बाइक कुछ देर के लिए रुकी वैसे ही पीछे बैठे युवक ने अचानक धारदार हथियार से प्रदीप का गला रेत दिया। खून से लथपथ प्रदीप सड़क पर गिर पड़ा और चंद मिनट में मरणासन्न हो गया।

वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा लेकिन झोपड़पट्टी में मौजूद लोगों एवं राहगीरों ने साहस दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटनास्थल पर खून से सना शव और पास खड़ी बाइक को देखकर लोग सन्न रह गए। बाइक पर टंगी पॉलिथीन में कबाब-पराठे मिले जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों कहीं से खाना पैक कराकर लौट रहे थे।

WhatsApp Image 2026-01-21 at 12.15.06 PM

सूचना मिलते ही प्रदीप की पत्नी पूजा मौके पर पहुंची। सड़क पर पति की हालत देखकर वह चीख-पुकार करने लगी और कुछ देर के लिए बेसुध हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदीप को ट्रॉमा सेंटर भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वंसत कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button