सीतापुर, 19 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ से सटे सीतापुर जनपद के खैराबाद इलाके में प्रेम प्रसंग की आड़ में ब्लैकमेलिंग और यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मछरेहटा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपने ही प्रेमी की प्रताड़ना से इस कदर मानसिक रूप से टूट गई कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे आनन-फानन में सीतापुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार युवती का पवन नामक युवक से प्रेम संबंध था। आरोप है कि करीब दो महीनों से युवक उसे लगातार परेशान कर रहा था। वह युवती की निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता था। यही नहीं ब्लैकमेलिंग के जरिए उसने कई बार युवती का यौन शोषण भी किया। युवती लंबे समय से इस मानसिक दबाव को सहन कर रही थी।

बताया जा रहा है कि घटना खैराबाद क्षेत्र के खैराबाद चुंगी के पास की है। देर शाम आरोपी युवक ने युवती को सड़क पर रोक लिया और जबरन अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगा। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद युवक युवती का मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया। इस घटना ने युवती को पूरी तरह तोड़ दिया।
घटना के बाद मानसिक रूप से आहत युवती ने घर पहुंचकर जहरीला पदार्थ खा लिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे रात में ही उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उधर, युवती की हालत की खबर मिलने पर आरोपी युवक भी मुंह बांधकर अस्पताल पहुंच गया। वहां मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे पहचान लिया और पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि युवक से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।






