नशे में दौड़ाई बस…राहगीर को मारी ठोकर, कई वाहनों को ठोंका, ड्राइवर की जमकर हुई कुटाई
शहर कोतवाली क्षेत्र में मंडी चौकी के पास हुए हादसे में देर रात मची अफरातफरी, जिला अस्पताल में चल रहा घायल का इलाज, एल्कोहलिक टेस्ट में हुई नशे की पुष्टि
सीतापुर, 1 दिसंबर 2025:
शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शराब के नशे में धुत एक चालक ने सड़क पर तेजी से बस दौड़ाते हुए एक राहगीर और कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ, जबकि दो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गुस्साई भीड़ ने मौके पर ही बस चालक की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बताया गया कि प्राइवेट बस (UP 30 AT 7003) मंडी चौकी के पास तेज रफ्तार में पहुंची। आरोप है कि चालक श्रवण कुमार शराब के नशे में था और उस का वाहन से नियंत्रण हट गया था। बस ने सबसे पहले राहगीर मनोज कुमार निवासी लोनियनपुरवा, को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद बस ने दो अन्य वाहनों को भी ठोक दिया। टक्कर से मनोज कुमार घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बस चालक श्रवण कुमार को खींचकर बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराते हुए बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, एल्कोहॉलिक टेस्ट में चालक श्रवण कुमार के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पढ़िए पुरी खबर






