Sitapur News : मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, घर नहीं लौटे, हादसे ने छीन ली दो जिंदगी, PRD जवान घायल
लहरपुर-बिसवां मार्ग पर सुबह तेज रफ्तार वाहन ने बरपाया कहर, साइकिल से था PRD जवान, CCTV फुटेज से वाहन खोज रही पुलिस
सीतापुर, 26 अक्टूबर 2026:
यूपी के सीतापुर में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे दो लोगों की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई। लहरपुर-बिसवां मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में राकेश वर्मा (62) और रमेश चंद्र अवस्थी (68) की मौत हो गई, जबकि साइकिल से घर लौट रहे PRD जवान रामस्वरूप (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

साइकिल सवार जवान को भी मारी टक्कर
हादसा बिसवां कोतवाली क्षेत्र में ग्राम खानपुर सादात के पास हुआ। बरेती जलालपुर गांव निवासी रामस्वरूप सोमवार को सीतापुर के जोशी टोला में जागरण की ड्यूटी करने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए किसी वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
ठोकर से सड़क पर गिरे बुजुर्ग, राहगीरों ने बुलाई पुलिस
इसके बाद उसी वाहन की चपेट में मॉर्निंग वॉक से लौट रहे रघुनाथपुर निवासी राकेश वर्मा और टांडा खुर्द के रहने वाले रमेश चंद्र अवस्थी भी आ गए। रमेश चंद्र फिलहाल अंबर सराय में रह रहे थे। दोनों खून से लथपथ होकर रोड पर गिर पड़े। राहगीरों द्वारा हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने राकेश वर्मा और रमेश चंद्र अवस्थी को मृत घोषित कर दिया। घायल PRD जवान का इलाज किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
CCTV फुटेज से वाहन की तलाश, परिवार में कोहराम
बिसवां कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। मार्निंग वॉक पर निकले दोनों लोगों के परिवार उनके वापस आने के बाद साथ चाय-नाश्ते की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मनहूस खबर मिली। परिजन बदहवासी की हालत में हॉस्पिटल पहुंचे। पूरा परिसर चीखों से गूंज उठा।






