Sitapur City

महिला दरोगाओं से बदमाशों की भिड़ंत, दो को दबोचा, पैर में लगी गोली, बाजार में लूटी थी चेन

लालबाग चौराहे पर खरीदारी करने आई महिला से छीनी गई थी सोने की चेन, दोनों आरोपी 25-25 हजार के इनामी निकले, मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, लूटी गई चेन के टुकड़े, बाइक, तमंचे बरामद

सीतापुर, 10 अगस्त 2026:

शहर के लालबाग चौराहे पर महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सोमवार सुबह कनवाखेड़ा से फायरिंग बट रोड के जंगल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान 25-25 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि पूरी कार्रवाई में महिला दरोगाओं की टीम भी आगे रही।

लालबाग चौराहे पर हुई थी चेन स्नैचिंग

वारदात शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई थी। हरगांव के कल्याणपुर गांव निवासी अजय राज अपनी पत्नी सुभाषिनी के साथ खरीदारी करने शहर आए थे। खरीदारी के बाद दोनों लालबाग चौराहे से कोतवाली रोड की तरफ जा रहे थे। अग्रसेन पार्क के पास अजय स्कूटी रोककर सामान डिग्गी में रखने लगे, जबकि सुभाषिनी पास की दुकान पर सामान देखने लगीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश पीछे से पहुंचे और महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लोगों से पूछताछ की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें:

इनपुट मिलने पर जंगल में की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, शहर कोतवाली में दर्ज मुकदमे में बदमाशों की तलाश की जा रही थी। सोमवार सुबह सूचना मिली कि दोनों आरोपी बाइक से कनवाखेड़ा मार्ग की तरफ आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने फायरिंग बट रोड के जंगल के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे दोनों बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। कार्रवाई में खीरी के मैगलगंज निवासी कामिल और फरमान के पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

महिला दरोगाओं ने संभाला मोर्चा

इस ऑपरेशन में सदर बाजार चौकी प्रभारी महिला, स्वाति चतुर्वेदी, तानसेनगंज चौकी प्रभारी महिला पूजा कटियार, SOG प्रभारी और उनकी टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्लस बाइक, दो तमंचे और लूटी गई सोने की चेन के दो टुकड़े बरामद किए हैं।

ये भी पढ़ें  सीतापुर शहर में चार दिन आवागमन हुआ मुश्किल, श्यामनाथ रेलवे क्रॉसिंग 25 जनवरी तक बंद

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button