Sitapur Road Accident : मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं, हादसे में मां-बेटी समेत 5 महिलाओं की मौत
ट्रक की ठोकर से पलटी ट्रॉली, 22 लोग सवार थे, 17 घायल अस्पताल में भर्ती, सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देने का किया ऐलान

सीतापुर, 7 नवंबर 2026:
यूपी के सीतापुर में एक सड़क हादसे में पांच महिलाओं की जान चली गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसा पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। उसमें सवार लोग नीचे दब गए। मृतकों में मां-बेटी भी शामिल हैं। सभी लोग हरदोई में एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होकर सीतापुर लौट रहे थे।
सात साल के बच्चे का हुआ था मुंडन
हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र स्थित नारीखेड़ा गांव निवासी हरिनाम के सात साल के बेटे अभी का शुक्रवार को मुंडन संस्कार था। परिवार ने गांव से करीब चार किलोमीटर दूर एक शिव मंदिर में कार्यक्रम रखा था। इसमें परिवार के सदस्यों के साथ रिश्तेदार शामिल हुए थे।
ससुराल से सात किलोमीटर पहले हुआ हादसा
मुंडन कार्यक्रम खत्म होने के बाद हरिनाम परिवार के लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीतापुर के बरगवां गांव स्थित अपनी ससुराल के लिए निकले थे। ट्रॉली में कुल 22 लोग सवार थे। शाम करीब पांच बजे पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। ससुराल से करीब सात किलोमीटर पहले हुए इस हादसे में ट्रॉली सड़क पर पलट गई।

ट्रॉली के नीचे दबे लोग, मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी पिसावां और महोली पहुंचाया गया।
पांच महिलाओं ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में घायल पांच महिलाओं को सीएचसी महोली में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान काजल पुत्री दाताराम, सुशीला (50) पत्नी विष्णु, रूबी (22) पुत्री विष्णु, सुनीता (40) पत्नी रामकुमार और रामवती (55) पत्नी भरोसे के रूप में हुई है। सभी बरगवां गांव की रहने वाली थीं। मृतक सुशीला और रूबी मां-बेटी थीं।
17 लोग घायल, कई की हालत गंभीर
हादसे में प्रेमवती (50), आशा (73), चमेली (55), गुड़िया, रूबी (28), कल्पना (30), कंचना (12), दुलारी (30), रामबेटी (48), रामदेवी (50), रामसुखी (55), जाह्नवी (12), मुन्नी देवी, जीतू (10), मायावती (65) और उन्नति (12) के घायल होने की जानकारी दी गई है। प्रेमवती और उन्नति की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीतापुर रेफर किया गया। दूसरे घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
#sitapurpolice थाना पिसावां क्षेत्र के हिम्मतनगर इलाके में हरदोई से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से ट्रक द्वारा टक्कर मार दी गई,जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई जिससे 5 लोगों की मृत्यु व अन्य के घायल होने के संबंध में पुलिस अधीक्षक सीतापुर श्री अंकुर अग्रवाल द्वारा दी गई बाइट https://t.co/oCmx3RCGqn
— Sitapur Police (@sitapurpolice) November 6, 2026
सीएम योगी ने आर्थिक मदद का किया ऐलान
सीतापुर हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम ने हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। घायलों को इलाज के लिए 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की गई है। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।






