सीतापुर न्यूज : परिजन तलाशते रहे, पानी भरे टब में मिला मासूम, अस्पताल पहुंचने से पहले थमीं सांसें
लहरपुर में रहने वाले अधिवक्ता के घर में खेलते समय हुआ हादसा, टब में गिरकर दम तोड़ बैठा ढाई साल का राघव, सदमे में डूबा परिवार

सीतापुर, 2 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के लहरपुर में घर पर खेलते समय ढाई साल का बच्चा पानी से भरे टब में गिर गया। सिर के बल पानी में गिरने से उसकी डूबकर मौत हो गई। हादसे के समय आसपास परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद बच्चे को तलाशते हुए परिजन टब के पास पहुंचे, जहां वह पानी में पड़ा मिला।
घर के सदस्यों को भनक तक नहीं लगी
मृत बच्चे की पहचान नवीनगर कटरा निवासी अधिवक्ता आशीष कुमार शुक्ल के बेटे राघव के रूप में हुई है। घर के सदस्य हालांकि उस पर नजर रखते थे लेकिन घटना से पहले सब अपने काम में मशगूल थे इसी बीच राघव घर में खेल रहा था। वह पानी से भरे टब के पास कब पहुंच गया किसी को पता तक नहीं चला।
सिर के बल गिरने से छटपटा भी नहीं सका मासूम
राघव टब के पास पहुंचा और थोड़ा झुककर अंदर भरे पानी से खेलने लगा। इसी बीच अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल टब में गिर गया। बताया गया कि गिरने के बाद वो चीख तक नहीं सका उसकी आवाज और सांस दोनों पानी मे घुट गईं। कुछ ही पल में टब का पानी उसके मुंह नाक से अंदर भर गया। वो काफी देर तक उसी हालत में अंदर पड़ा रहा।
मौत से लोग अचरज में पड़े, माता-पिता सदमे में
इधर घर के लोगों को राघव नजर नहीं आया तो आवाज देकर उसे खोजने लगे। परिजन जब बच्चे को खोजते हुए वहां पहुंचे तो उसे टब में पड़ा देखकर तुरंत बाहर निकाला। उसके शरीर मे कोई हरकत नहीं थी। ईश्वर से प्रार्थना करते हुए सभी लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। अधिवक्ता आशीष के बेटे के साथ हुए हादसे की खबर पाकर उनके साथी भी जमा हो गए। वहीं क्षेत्र के लोग भी घटना सुनकर अचरज में पड़े रहे। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई।






