Sitapur City

सीतापुर की दरी को विदेशी बाजार तक पहुंचाने की तैयारी, कई देशों के खरीदार पहुंचे

ODOP के पहले क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कारोबारियों से किया संवाद, 35 स्टॉलों पर दरी की प्रदर्शनी, पारंपरिक बुनाई का लाइव डेमो बना आकर्षण

सीतापुर, 24 अक्टूबर 2026:

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में स्थानीय दरी कारोबार को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल तेज हो गई है। एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) के तहत आयोजित पहले क्रेता-विक्रेता सम्मेलन में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी शामिल हुए। उन्होंने व्यापारियों, उद्यमियों व खरीदारों से बातचीत कर स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। सम्मेलन में दरी उद्योग से जुड़े कारीगरों को नए बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों को देश-विदेश तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

लोकल से ग्लोबल तक पहुंचाने पर जोर

कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है। पारंपरिक उत्पादों, कारीगरों व उद्यमियों को नए बाजारों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिससे स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने कहा कि ODOP योजना सिर्फ किसी जिले के उत्पाद की पहचान बनाने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए स्थानीय हुनर को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर तैयार करने व प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सीतापुर की दरी को भी बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन अहम भूमिका निभा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:

35 स्टॉलों पर सजी सीतापुर की दरी

सम्मेलन में ODOP दरी के 35 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर स्थानीय दरी उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है, जिससे खरीदार उनकी बनावट, डिजाइन व गुणवत्ता को करीब से देख सकें। आयोजन का मकसद उत्पाद तैयार करने वाले कारीगरों व कारोबारियों को सीधे खरीदारों से जोड़ना है।

Advertisement

दो स्टॉलों पर बुनाई का लाइव डेमो

सम्मेलन में दो विशेष स्टॉलों पर पारंपरिक दरी बुनाई का सजीव प्रदर्शन किया जा रहा है। यहां लोग दरी तैयार करने की पारंपरिक तकनीक को करीब से देख सकते हैं। इससे स्थानीय कारीगरों के हुनर को सामने लाने के साथ सीतापुर की दरी की खासियत को खरीदारों तक पहुंचाने का मौका मिल रहा है।

आयोजन के दोनों दिनों में करीब 500 बुनकर परिवारों की भागीदारी प्रस्तावित है। इससे दरी उद्योग से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन व कारोबार से जुड़े नए संपर्क बनाने का अवसर मिल रहा है।
sitapur-durry-odop-export-international-buyers (2)

9 देशों के खरीदारों की भागीदारी

सीतापुर में आयोजित इस सम्मेलन में जापान, जर्मनी, फिनलैंड, इजराइल, दक्षिण अफ्रीका, पनामा, सऊदी अरब, ब्रिटेन व संयुक्त अरब अमीरात के खरीदार हिस्सा ले रहे हैं। विदेशी खरीदारों की मौजूदगी से स्थानीय दरी कारोबार को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

क्रेता-विक्रेता सम्मेलन के जरिए उत्पाद तैयार करने वाले बुनकरों व कारोबारियों को संभावित खरीदारों से सीधे बातचीत करने का अवसर मिल रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग, डिजाइन व बाजार की जरूरतों को समझने में भी मदद मिल सकती है।
sitapur-durry-odop-export-international-buyers (3)

कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्यमंत्री कैप्टन सुरेश राही, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, विधायक ज्ञान तिवारी, विधायक राम कृष्ण भार्गव, विधायक आशा मौर्य, विधायक मनीष रावत शामिल हुए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह व नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष नेहा अवस्थी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

ये भी पढ़ें  दीपों की रोशनी से नहाया चक्रतीर्थ... पद्मिनी एकादशी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link