सीतापुर न्यूज : बेटे को देखने बहराइच गए थे पिता, लौटते समय तालाब में समाई कार, तीन दोस्तों की मौत
सिधौली में तीन कारोबारियों की मौत से शोक में व्यापारी, रविवार को निकले थे घर से, वापस न लौटने व मोबाइल बंद मिलने पर तलाश में लगे थे परिजन
सीतापुर, 27 अक्टूबर 2026:
यूपी के सीतापुर में कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव में तालाब के अंदर डूबी आल्टो कार से तीन लोगों के शव मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने SDRF की मदद से क्रेन के जरिए कार बाहर निकलवाई। मृतकों की पहचान सिधौली निवासी राकेश चौरसिया (50), सतीश निर्मल (40) व अटरिया निवासी रामेंद्र सिंह (62) के रूप में हुई है। बताया गया कि राकेश अपने बेटे के एक्सीडेंट की खबर पाकर बहराइच गए थे और वहीं से दो दोस्तों के साथ लौट रहे थे।
बेटे को लेने के लिए दोस्तों के साथ निकले थे राकेश
सिधौली में महावीर मार्केट के पास दुकान चलाने वाले राकेश चौरसिया के बेटे मोहन का रविवार दोपहर करीब चार बजे बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। उसे हल्की चोटें आई थीं। बेटे को देखने के साथ घर लाने के लिए राकेश ने बहराइच जाने का फैसला किया। उन्होंने पड़ोसी कारोबारी सतीश निर्मल व अटरिया निवासी रामेंद्र सिंह को इसकी जानकारी दी तो दोनों ने भी साथ चलने की बात कही।
रविवार शाम करीब पांच बजे तीनों सतीश की आल्टो कार से बहराइच के लिए रवाना हुए। रात में वे वहां पहुंच गए। इस बीच मोहन अपने एक दोस्त के साथ देर रात घर लौट आया। उसने परिजनों को बताया कि पिता को कुछ काम पड़ गया था, इसलिए वह देर से बहराइच से निकलेंगे।
रात में संपर्क टूटा तो परिवार ने दर्ज कराई गुमशुदगी
देर रात तक राकेश, सतीश व रामेंद्र घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। तीनों के मोबाइल पर फोन किया गया, लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो सका। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तक मोबाइल बंद मिलने पर परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस ने तीनों की तलाश के लिए सिधौली से बहराइच के बीच लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान घर से करीब 20 किलोमीटर दूर कंदुनी फैक्ट्री के कैमरे में उनकी कार घर की तरफ जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने फैक्ट्री से घर के बीच के इलाके में तलाश शुरू की। मोबाइल की आखिरी लोकेशन खुर्द गांव के पास मिली थी।
रात डेढ़ बजे तालाब में दिखी कार की छत
पुलिस तलाश कर रही थी, तभी सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे पंचपीर गांव के कुछ ग्रामीणों ने तालाब में कार डूबी होने की सूचना दी। ड्यूटी से घर लौट रहे ग्रामीणों को पानी में कुछ तैरता दिखाई दिया था। टॉर्च की रोशनी डालने पर कार की छत नजर आई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने SDRF की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। क्रेन से कार बाहर निकाली गई तो आगे की सीटों पर दो शव मिले, जबकि तीसरा शव पीछे की सीट पर था। कार से मिले दस्तावेजों के आधार पर तीनों की पहचान की गई।
सड़क किनारे रेलिंग नहीं, तालाब में भरा था पानी
जिस तालाब में कार मिली, उसके चारों तरफ बाउंड्रीवॉल नहीं थी। सड़क किनारे भी रेलिंग नहीं लगी थी। पिछले महीने हुई तेज बारिश के चलते तालाब पानी से भरा हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में कार के तालाब में गिरने के बाद अंदर पानी भरने से तीनों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज की मदद से कार के रास्ते का पता लगाया जा रहा है। एसपी में हादसे के पीछे नींद की झपकी की आशंका व्यक्त की है।
@sitapurpolice आज दिनांक 27.10.2026 को थाना सिधौली क्षेत्र के लापता 03 कार सवारों का शव तालाब में डूबी कार से बरामद होने व कार तालाब में गिरने से तीनों व्यक्तियों की मृत्यु हो जाने के संबंध में #Sp_Sitapur श्री अंकुर अग्रवाल द्वारा दी गयी बाइट:-
@Igrangelucknow https://t.co/gqCpdmj1yo— Sitapur Police (@sitapurpolice) October 27, 2026
सिधौली के बाजार में थीं तीनों की दुकानें
राकेश चौरसिया की महावीर मार्केट के पास पान-मसाले की दुकान थी। सतीश निर्मल कॉस्मेटिक का काम करते थे। वहीं रामेंद्र सिंह महावीर मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाते थे। कमलापुर थाना प्रभारी अतुल चौधरी के मुताबिक, तीनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






