Sitapur City

Sitapur News : शादी डॉट कॉम पर इंग्लैंड से पार्सल का झांसा, डायमंड रिंग के नाम पर युवती से लाखों की ठगी

युवक ने कस्टम, GST, विदेशी मुद्रा बदलने के नाम पर वसूली रकम, बढ़ती डिमांड से युवती को आया होश, Cyber Fraud का केस दर्ज

सीतापुर, 19 अक्टूबर 2026:

यूपी के सीतापुर में शादी डॉट कॉम (Shaadi.com) पर जीवनसाथी की तलाश कर रही युवती को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। इंग्लैंड में कारोबार करने का दावा करने वाले एक व्यक्ति ने पहले युवती से संपर्क किया, फिर शादी का भरोसा दिलाकर महंगे पार्सल का झांसा दिया। इसके बाद कस्टम चार्ज, 10 हजार पाउंड को भारतीय रुपये में बदलने, GST, डायमंड रिंग व नेकलेस के लाइसेंस के नाम पर उससे करीब 4.80 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। रकम मिलने के बाद भी आरोपितों की मांग बंद नहीं हुई।

शादी के लिए संपर्क, फिर बढ़ता गया भरोसा

सीतापुर के सिधौली थाना क्षेत्र के भांडिया गांव की रहने वाली शशि गौतम ने Shaadi.com पर शादी के उद्देश्य से अपनी प्रोफाइल बनाई थी। उनके पास इंग्लैंड से एक युवक का कॉल आया। उसने अपना नाम जगदीश बताया। उसने दावा किया कि वह इंग्लैंड में कारोबार करता है। बातचीत के दौरान उसने युवती से परिवार की तस्वीरें भी मांगीं।
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी।

भारत आने की बात कहकर डायमंड रिंग की फोटो भेजी

जगदीश ने बताया कि वह करीब चार साल से एक महत्वपूर्ण मीटिंग की तैयारी कर रहा है। मीटिंग सफल होने के बाद उसने भारत आने की बात कही। बाद में उसने वीडियो कॉल कर युवती को बाजार से सामान खरीदने की जानकारी दी। उसने डायमंड रिंग की वीडियो भी भेजी। युवती के मना करने के बावजूद उसने महंगे सामान का पार्सल भारत भेजने का दावा किया।

ये भी पढ़ें:

36 हजार रुपये से शुरू हुई वसूली

जगदीश ने उसे बताया कि उसने पार्सल भेज दिया है। अगले दिन मनोज नाम के एक व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि इंग्लैंड से आए सामान को छुड़ाने के लिए 36 हजार रुपये कस्टम चार्ज देना होगा। युवती ने उसकी बात पर भरोसा कर UPI के जरिए रकम भेज दी। इसके बाद मनोज ने दावा किया कि पार्सल के साथ 10 हजार पाउंड भी भेजे गए हैं। इस रकम को भारतीय मुद्रा में बदलने के लिए 84 हजार रुपये मांगे गए। युवती ने यह रकम भी भेज दी। इसके बाद GST के नाम पर 95 हजार रुपये QR कोड के जरिए जमा करा लिए गए।

Advertisement

डायमंड लाइसेंस के नाम पर मांगे 2.85 लाख

अगली बार मनोज ने पार्सल में डायमंड रिंग व नेकलेस होने की बात कही। उसने दावा किया कि इन गहनों को लेने के लिए लाइसेंस बनवाना जरूरी है। इसके लिए 2.85 लाख रुपये मांगे गए। इतनी बड़ी रकम की मांग पर युवती परेशान हो गई। उसने जगदीश से बात की तो उसने दावा किया कि उसके सभी दस्तावेज इंग्लैंड के पुलिस स्टेशन में जमा हैं, इसलिए वह मदद नहीं कर सकता। युवती के मुताबिक, जगदीश फोन पर रोने लगा। उसकी बातों में आकर उसने लोगों से उधार लेकर रकम जुटाई। SBI के दो बैंक खातों में एक-एक लाख रुपये भेज दिया लेकिन इसके बाद भी पार्सल नहीं पहुंचा।

परमिट के नाम पर रखी 3.95 लाख की डिमांड

कुछ दिन पहले जगदीश व मनोज ने डायमंड रिंग व नेकलेस के लिए परमिट बनवाने के नाम पर 3.95 लाख रुपये की मांग की। युवती के पास रकम नहीं थी, इसलिए उसने भुगतान नहीं किया। इसके बाद जगदीश के बार-बार फोन आने लगे। शिकायत के अनुसार, उसके भावनात्मक दबाव में युवती ने QR कोड के जरिए 40 हजार रुपये और भेज दिए। युवती ने जगदीश से उसकी लोकेशन व दिल्ली का पता मांगा, इसके बजाय वह लगातार पैसे भेजने का दबाव बनाता रहा। अब युवती को समझ आ चुका था कि उसके साथ ठगी हुई है। फिलहाल साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज हो गया हैं। वहीं आरोपी अभी भी उससे रकम की डिमांड कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें  छत पर टहलते दिखा था तेंदुआ...धरपकड़ में बारिश ने डाला खलल, दहशत में हजारों ग्रामीण

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link