Sitapur City

Sitapur : गंगाजल लेने जा रहे थे कांवड़िए, एचटी लाइन की चपेट में आया DJ वाहन, दो की मौत, तीन झुलसे

चहलारी घाट से गंगाजल लेने जा रहे थे शिवभक्त, पुल के पास हुआ हादसा, तीन घायल सीएचसी रेउसा में भर्ती, पुलिस ने कहा जल लेने के लिए प्रचार प्रसार कर रहा था वाहन कांवड़ नहीं थी

सीतापुर, 3 अगस्त 2026:

सावन के पहले सोमवार तड़के सीतापुर में गंगाजल लेने जा रहे कांवड़ियों के साथ बड़ा हादसा हो गया। थानगांव थाना क्षेत्र में डीजे वाहन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वाहन में करंट फैल गया। हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

चहलारी घाट जाते समय हुआ हादसा

थानगांव इलाके के पासीनपुरवा निवासी संतोष और छेदपुरवा निवासी गुड्डू अपने साथियों के साथ रेउसा के चहलारी घाट से गंगाजल लेने निकले थे। सभी डीजे वाहन पर सवार होकर आगे बढ़ रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर पुल के पास पहुंचते ही वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट उतरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दो की मौके पर मौत, तीन का इलाज जारी

करंट इतना तेज था कि संतोष और गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में झुलसे तीन अन्य कांवड़ियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
sitapur-news-dj-vehicle-electrocuted-high-tension-line-accident (2)

पुलिस बोली- घटना गांव के अंदर हुई, कोई कांवड़िया नहीं था

सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायल हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं बाद में एएसपी दुर्गेश कुमार ने बताया कि घटना गाँव के अन्दर की है। डीजे वाहन के साथ मौके पर कोई कांवड़ या कांवड़िया नहीं था।

ये भी पढ़ें  पहले पैरालिसिस का अटैक फिर पत्नी का निधन... डिप्रेशन में बुजुर्ग ने खुद को गोली से उड़ाया

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link