Uttarakhand

सरकार की वादाखिलाफी पर पीआरडी जवानों का फूटा गुस्सा, 18 को निकालेंगे महा आक्रोश रैली

प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के पदाधिकारी मीडिया से हुए रूबरू, बोले- सात कैबिनेट बैठकें बीतने के बावजूद इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई, परिवार के साथ सड़क पर उतरने का ऐलान

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 2 नवंबर 2026ः

उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं। होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) देने और वर्षभर 365 दिन नियमित रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 18 नवंबर को महा आक्रोश रैली निकालने का ऐलान किया। कहा कि सात कैबिनेट बैठकें बीतने के बावजूद इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई। इससे प्रदेशभर के पीआरडी जवानों में आक्रोश है।

संगठन से वार्ता के बाद मांगों को पूरा करने का दिया था भरोसा

प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) हित संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि गत 18 मार्च से सहस्रधारा रोड स्थित एकता विहार में अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा था। छह जुलाई को विभागीय मंत्री रेखा आर्या के निर्देश पर संयुक्त निदेशक युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल ने धरना स्थल पर पहुंचकर संगठन से वार्ता की और मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया था। इसी आश्वासन के बाद सात जुलाई से धरना स्थगित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान आगामी दो कैबिनेट बैठकों के भीतर दोनों मांगों को मंत्रिमंडल के समक्ष रखने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सात कैबिनेट बैठकें बीतने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं होने से प्रदेशभर के पीआरडी जवानों में निराशा है।

ये भी पढ़ें:

सीएम ने 2021 में 300 दिन का रोजगार देने की घोषणा की थी

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2021 में पीआरडी कर्मियों को 300 दिन का रोजगार देने की घोषणा की थी, जिस पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इससे पीआरडी कर्मियों का सब्र जवाब देने लगा है। प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत ने कहा कि जवान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। नियमित रोजगार नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। वहीं, महंगाई भत्ता नहीं मिलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ रही हैं। इसके चलते 18 नवंबर को राजधानी में महा आक्रोश रैली निकालने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

Advertisement

कार्य बहिष्कार कर शामिल होंगे जवान

उन्होंने कहा कि रैली में पीआरडी जवान अपने परिवार के साथ सड़कों पर उतरेंगे। रैली में सभी पीआरडी जवान कार्य बहिष्कार कर शामिल होंगे। इस दौरान संगठन ने पीआरडी कर्मियों की पिछले दरवाजे से भर्ती करने और अधिकारियों द्वारा अपने घरों का काम कराने का आरोप लगाया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव वीर सिंह रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी विनोद तोमर, जिला अध्यक्ष नवीन सिंह बिष्ट, जिला महासचिव पवन किशोर बहुगुणा, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्येंद्र नौगाई, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश सैनी और सह-सचिव भगत सिंह दानू सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  विकास के दावों की खुली पोल, 16 दिन में ही नए पुल की एप्रोच रोड धंसी, बिंदाल नदी की सुरक्षा दीवार ढही

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link