Uttarakhand

Chardham Yatra : मार्गों को किया जाए गड्ढामुक्त, धामी बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

सीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा, डीएम से मार्गों की स्थिति, यातायात व स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी, अब तक 66,07,749 यात्रियों का हो चुका पंजीकरण, 14 सितंबर तक 50,56,160 श्रद्धालु कर चुके दर्शन

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 15 सितंबर 2026ः

उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने मौसम, भूस्खलन, यातायात, स्वास्थ्य और भीड़ प्रबंधन की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। मंगलवार को सीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से चारधाम यात्रा की समीक्षा की और यात्रा से जुड़े जिलों के डीएम से मार्गों की स्थिति, यातायात एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

बैठक में बताया गया कि अब तक 66,07,749 यात्रियों का पंजीकरण हो चुका है, जबकि 14 सितंबर तक 50,56,160 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री में 7,08,407, गंगोत्री में 7,89,773, केदारनाथ में 14,98,544, बदरीनाथ में 17,36,619 और हेमकुंड साहिब में 3,22,817 श्रद्धालु शामिल हैं। यमुनोत्री धाम में बढ़ती भीड़ और आवागमन को देखते हुए सीएम ने धाम से करीब 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने के निर्देश दिए। डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने, खरसाली से वैकल्पिक मार्ग पर कार्रवाई करने और सूर्यकुंड क्षेत्र में प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने को भी कहा।

ये भी पढ़ें:

धामी ने घोड़े-खच्चरों के संचालन में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराने और पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। इसी तरह यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण व गंगोत्री मार्ग को चौड़ा व गड्ढामुक्त करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्यानाचट्टी समेत भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने केदारनाथ-बदरीनाथ मार्गों पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त रखने के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर शौचालय, पेयजल, बिजली, प्रकाश और शटल सेवाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। वहीं, हेली सेवाओं में निर्धारित दर से अधिक वसूली या अनधिकृत टिकट बिक्री की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मौसम खराब होने पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, गृह सचिव शैलेश बगौली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  गोल्फ में बच्चों और पूर्व सैन्य अफसरों ने दिखाया दम... समर्थ जैन बने ओवरऑल चैंपियन

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link