Lucknow City

UP के सभी 75 जिलों में बनेंगे सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन, युवाओं को एक जगह मिलेगी ट्रेनिंग और नौकरी

सीएम योगी ने लखनऊ में योजना का किया शुभारंभ, पहले चरण में पांच जिलों में शुरू होगी पहल, विदेश में नौकरी के इच्छुक युवाओं को भी मिलेगी भाषा और कौशल प्रशिक्षण की सुविधा

लखनऊ, 31 अक्टूबर 2026:

यूपी के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए योगी सरकार ने बड़ी पहल की है। लौहपुरुष भारतरत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर युवाओं को पंजीकरण से लेकर उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण तथा नौकरी दिलाने तक की सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी।

योजना के पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर में केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके बाद सभी 18 मंडल मुख्यालयों और फिर प्रदेश के हर जिले में इनका विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी 18 मंडल मुख्यालयों के लिए धनराशि की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

विदेश में नौकरी के इच्छुक युवाओं को भी मिलेगी ट्रेनिंग

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन एम्प्लॉयमेंट जोन में केवल युवाओं ही नहीं अपितु अधिक उम्र के रोजगार के लिए इच्छुक लोगों का भी पंजीकरण किया जाएगा। हाईस्कूल पास कोई युवा नौकरी चाहता है तो उसकी रुचि और योग्यता के मुताबिक प्रशिक्षण देकर संस्थान, फैक्ट्री या अन्य प्रतिष्ठानों में प्लेसमेंट कराया जाएगा। विदेश में रोजगार की इच्छा रखने वालों को संबंधित देश की भाषा और वहां की जरूरत के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उदाहरण के तौर पर जापान या जर्मनी में नर्सिंग के क्षेत्र में नौकरी चाहने वाले युवाओं को भाषा का प्रशिक्षण देकर संबंधित दूतावास के सहयोग से रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था होगी।

ये भी पढ़ें:

up-ke-75-jilon-me-sardar-patel-skill-employment-zone (2)

Advertisement

टाटा, अशोक लीलैंड समेत कई संस्थाओं से करार

योगी ने बताया कि टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अशोक लीलैंड, बीबीसी ग्रुप, पीटीसी, सीआईपैट, एशियन डेवलपमेंट बैंक, मिंडा और अवाडा जैसी संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं। इनके अनुभव और तकनीक से युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन के जरिए किसानों की आय भी बढ़ाई जा सकती है। दूध, फल और सब्जियों से मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर बेहतर आमदनी हासिल की जा सकती है।

सीएम युवा योजना से पांच लाख तक ब्याजमुक्त मदद

मुख्यमंत्री ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए सीएम युवा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त सहायता तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा कॉलेज की पढ़ाई के साथ कौशल प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानमंत्री की पहल से एक साथ दो डिग्री अथवा पाठ्यक्रमों से जुड़ने का अवसर मिला है।

up-ke-75-jilon-me-sardar-patel-skill-employment-zone (3)

साढ़े नौ साल में 9.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां

विपक्षी दलों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें युवाओं को बोझ मानती थीं जबकि उनकी सरकार ने युवा आबादी को ताकत के रूप में देखा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सीधे सरकारी नौकरी दी गई है। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के माध्यम से 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने पिछली सरकारों पर माफिया को संरक्षण देने और युवाओं के रोजगार पर कब्जा कराने का आरोप भी लगाया।

स्केल के साथ स्किल से बदलेगी यूपी की तस्वीर

योगी ने कहा कि भारत और उत्तर प्रदेश के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है। स्केल के साथ स्किल जुड़ेगी तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्केल हो और स्किल न हो तो गति दुर्गति में बदल जाती है लेकिन दोनों साथ हों तो यही गति प्रगति बन जाती है। उन्होंने सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता का शिल्पी बताते हुए कहा कि 563 से अधिक रियासतों को एकजुट कर उन्होंने अखंड भारत की नींव मजबूत की। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना ही विकसित भारत का आधार है।

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  UP विधानभवन का बदला स्वरूप: सत्र से पहले योगी ने पॉडकास्ट स्टूडियो से लेकर हाईटेक कॉरिडोर तक का किया शुभारंभ

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link