CM योगी ने बताया आज का दिन क्यों है खास, बोले- आधुनिक रेल और युवा सशक्तीकरण की उपलब्धियों का साक्षी बनेगा यूपी
मुख्यमंत्री ने X पर पोस्ट कर स्लीपर वंदे भारत और कौशल प्रशिक्षण योजना को बताया नए उत्तर प्रदेश की प्रगति का प्रतीक, बोले- व्यापार, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई गति

लखनऊ, 31 अक्टूबर 2026:
यूपी को शनिवार को आधुनिक रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। बनारस रेलवे स्टेशन से प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन और नई मेमू ट्रेनों का शुभारंभ होगा। पीएम नरेंद्र मोदी इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे।
ट्रेनों के शुभारंभ से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसे उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज नया उत्तर प्रदेश आधुनिक रेल परिवहन और युवाओं के कौशल सशक्तीकरण की दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों का साक्षी बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से देश की राजधानी नई दिल्ली तक रेल संपर्क को नई गति देने के लिए अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा। इससे यात्रियों को आधुनिक रेल सुविधा मिलेगी और प्रदेश में व्यापार, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी नेतृत्व में आज ‘नया उत्तर प्रदेश’ आधुनिक रेल परिवहन और युवाओं के कौशल सशक्तीकरण की दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों का साक्षी बनेगा।
बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली तक रेल संपर्क को नई गति देने के लिए आज प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों द्वारा अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ होगा।
साथ ही, लखनऊ में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का शुभारंभ भी होगा। यह पहल युवाओं के कौशल को निखारकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एक ओर आधुनिक रेल सेवा से नए उत्तर प्रदेश में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, वहीं दूसरी ओर कौशल विकास की यह पहल युवाओं को प्रदेश की प्रगति में सशक्त सहभागी बनाएगी।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 31, 2026
रेल सेवाओं के साथ ही आज लखनऊ में युवाओं के लिए भी बड़ी पहल के तहत ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस योजना का उद्देश्य युवाओं के कौशल को निखारकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। योगी ने कहा कि आधुनिक रेल सेवाएं और कौशल विकास की पहल मिलकर युवाओं को प्रदेश की प्रगति में मजबूत भागीदार बनाएंगी।






